इस दौरान सरदार हरिंदर सिंह सबरवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। मुख्यमंत्री ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से पंजाब में भाजपा को मजबूती मिलेगी।
सैनी ने कहा कि AAP ने महिलाओं को 1,000 रुपये, बुजुर्गों को 2,500 रुपये पेंशन, युवाओं को 25 लाख नौकरियां और तीन से छह महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अरविंद केजरीवाल के साथ जनता के सामने आकर इन वादों का हिसाब देने की चुनौती भी दी।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में दो वर्षों के दौरान संकल्प पत्र के 76 वादे पूरे किए जा चुके हैं। हरियाणा में किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। पिछले 12 वर्षों में किसानों को फसल खराब होने के मुआवजे के रूप में 16,500 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में महिलाओं को 2,100 रुपये देने की योजना के तहत 13 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और करीब 3,000 करोड़ रुपये उनके खातों में भेजे गए हैं। बुजुर्गों को 3,200 रुपये मासिक पेंशन और पात्र परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा भी पूरा किया गया है।
सैनी ने कहा कि हरियाणा में पिछले 12 वर्षों में करीब दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। मौजूदा सरकार के दो साल में लगभग 46 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने पंजाब में भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों का भी जिक्र किया और कहा कि युवाओं को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने पंजाब को फिर से खुशहाल और प्रगतिशील बनाने की अपील की।
