मुंबई (अनिल बेदाग) 06/11/2026
जब बात सलमान खान की हो और पर्दे पर उनका अंदाज एक फौजी का हो, तो उत्सुकता का बढ़ना लाजिमी है। उनकी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर दर्शकों का उत्साह अब एक नए मुकाम पर पहुंच गया है। फिल्म के टीजर और पोस्टर के बाद अब इसके ट्रेलर की पहली झलक ने मुंबई के मीडिया जगत में खास हलचल पैदा कर दी है।
मुंबई में आयोजित एक एक्सक्लूसिव मीडिया इवेंट में सलमान खान ने करीब 250 मीडिया प्रतिनिधियों को फिल्म के ट्रेलर का स्पेशल प्रीव्यू दिखाया। ट्रेलर की इस खास झलक में सलमान का आर्मी यूनिफॉर्म वाला दमदार अवतार सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। पत्रकारों ने सलमान और चित्रांगदा सिंह की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री की भी जमकर तारीफ की। वहीं, फिल्म का प्रभावशाली बैकग्राउंड म्यूजिक और गानों की छोटी-छोटी झलकियों ने भी माहौल में जोश भर दिया।
देशभक्ति, बलिदान और युद्ध की मानवीय कीमत को बयां करती यह फिल्म सिर्फ एक युद्ध कथा नहीं, बल्कि भावनाओं और साहस की कहानी भी है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सलमान खान फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। अब सबकी निगाहें इसके बहुप्रतीक्षित ट्रेलर की आधिकारिक रिलीज पर टिकी हैं।
