virat kohli record
न्यूज़ डेस्क, 4/11/2026
भारत ने न्यूजीलैंड को पांच वनडे मैचों की सीरीज के पहले मैच में 5 विकेट से मात दे दी है. ऑकलैंड में बारिश से प्रभावित मैच में मेजबान टीम को पहले 185 रनों पर समेटने के बाद भारत को DLS मैथड के तहत 32 ओवर में 143 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे भारत ने 5 विकेट खोकर 22.4 ओवर में हासिल कर लिया. इस जीत में भारतीय गेंदबाजों के साथ-साथ विराट कोहली ने अहम भूमिका निभाई. कोहली ने मैच में 51 गेंदों पर 74 रनों की तेज पारी खेली, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल थे. इस शानदार पारी के साथ किंग कोहली ने वनडे क्रिकेट के इतिहास में दो बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए है.
कोहली ने सचिन को छोड़ा पीछे
मैच में 54 रन बनाते ही 37 वर्षीय विराट कोहली ने लक्ष्या का पीछा करते हुए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. अब वनडे क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने ‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर के 8,720 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. इस लिस्ट में भारत के रोहित शर्मा 6,801 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. श्रीलंका के सनथ जयसूर्या 5,742 रनों के साथ चौथे नंबर पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर जैक कैलिस 5,575 रनों के साथ पांचवें स्थान पर हैं.
वनडे में चेज करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
8741* – विराट कोहली, भारत (66.54 औसत)
8720 – सचिन तेंदुलकर, भारत (42.23 औसत)
6801 – रोहित शर्मा, भारत (50.75 औसत)
5742 – सनथ जयसूर्या, श्रीलंका (29.44 औसत)
5575 – जैक कैलिस, साउथ अफ्रीका (44.95 औसत)
नंबर-3 पर 13 हजार रन
इस मैच में कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि पारी के शुरू में ही हासिल कर ली थी, जो उनके बैट से 12वां रन निकला तो वो वनडे क्रिकेट के इतिहस में नंबर-3 पर 13 हजार रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए. इस रिकॉर्ड के आस पास भी कोई नहीं है, क्योंकि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग हैं, जिनके नाम नंबर-3 पर 12662 रन हैं.
वनडे में नंबर 3 पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
13000 रन* – विराट कोहली, भारत (61.61 औसत)
12662 रन – रिकी पोंटिंग, ऑस्ट्रेलिया (42.48 औसत)
9747 रन – कुमार संगकारा, श्रीलंका (44.71 औसत)
7774 रन – जैक कैलिस, साउथ अफ्रीका (45.72 औसत)
6504 रन – केन विलियमसन, न्यूजीलैंड (51.61 औसत)
1 रन से बच गया पोंटिंग का रिकॉर्ड
विराट कोहली की पारी 74 रन पर समाप्त हो गई, जिसकी वजह से वो न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए. इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए उन्हें मैच से पहले 75 रनों की जरूरत थी लेकिन वो 74 पर आउट हो गए, जिससे पोंटिंग का ये रिकॉर्ड टूटने से बच गया. लेकिन अगले मैच में ये रिकॉर्ड भी विराट कोहली अपने नाम कर लेंगे. पोंटिंग ने ‘ब्लैककैप्स’ के खिलाफ 50 पारियों में 1971 रन बनाए हैं, जबकि कोहली 37 पारियों में 1971 रन बनाए हैं.
