स्पेन, 03/11/2026
स्पेनिश फुटबॉलर और सीडी टेनेरिफ के फॉरवर्ड जीसस डी मिगुएल का मंगलवार को निधन हो गया. जिसका कारण मैच के दौरान दो खिलाड़ियों के बीच खतरनाक टक्कर थी. ये घटना स्पेन के एक क्लब मैच सीडी टेनेरिफ और एफसी अंडोरा के बीच हुआ. जिसमें अंडोरा टीम के गोलकीपर ओवोनों के साथ जीसस की टक्कर हो गई. जिसके बाद 30 साल के जीसस मैदान पर गिर गए. उसके बाद उन्हें मैदान से सीधा अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया.
क्लब टीम टेनेरिफ ने एक आधिकारिक बयान जारी कर जीसस डी मिगुएल के निधन की पुष्टि की. क्लब ने अपने बयान में कहा, ‘हम गहरे दुख में हैं, हमें यकीन ही नहीं हो रहा कि यह सच है. CD टेनेरिफ की ओर से हम जीसस डी मिगुएल अलामेडा के दुखद निधन की जानकारी दे रहे हैं. हमारे पास सांत्वना देने के लिए कोई शब्द नहीं हैं. ऐसा कुछ भी नहीं है जो इस गहरे दुख को कम कर सके. हम उनके परिवार, उनके चाहने वालों और टेनेरिफ से जुड़े उन सभी लोगों के साथ खड़े हैं, जो आज इस दुखद घटना पर शोक मना रहे हैं.
बता दें कि यह घटना सोमवार को टेनेरिफ और अंडोरा के बीच खेले गए दूसरे डिवीजन मैच के अंतिम क्षणों में हुई. उस समय स्कोर 2-2 से बराबर था. डी मिगुएल एक लंबी गेंद का पीछा कर रहे थे, तभी विपक्षी टीम के गोलकीपर ओवोनों हवा में आ रही उस गेंद को रोकने के लिए अपने पेनल्टी एरिया से बाहर आ गए. गोलकीपर का घुटना टेनेरिफ के फॉरवर्ड की छाती पर जा लगा, जिससे वह मैदान पर ही बेहोश हो गया. मेडिकल टीम ने तुरंत डी मिगुएल को संभाला और 5 मिनट से ज्यादा समय तक उन्हें आपातकालीन इलाज दिया गया, उसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया उनके निधन के बाद फुटबॉल जगत के कई लोगों ने शोक व्यक्त किया. इस घटना के बाद एफसी अंडोरा ने भी फुटबॉलर, उनके परिवार और क्लब के प्रति अपना शोक जताया है.
