Dera Sachkhand Ballan
जालंधर, 09/10/2026
पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह आज डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक हुए. इस दौरान उन्होंने डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया.इस मौके पर परगट सिंह के साथ कपूरथला से विधायक राणा गुरजीत सिंह, आदमपुर से विधायक सुखविंदर सिंह कोटली समेत कांग्रेस की वरिष्ठ नेतृत्व मौजूद रहा. परगट सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं ने डेरा प्रमुख से मुलाकात कर सरबत के भले (सबकी भलाई) की अरदास की.
सचिन पायलट के साथ पहुंचे अमृतसर, धार्मिक स्थलों पर टेका माथा
पंजाब कांग्रेस की कमान संभालने के बाद परगट सिंह बीते दिन (गुरुवार) दिल्ली से अमृतसर पहुंचे थे. अमृतसर हवाई अड्डे पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया. पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट और परगट सिंह ने अमृतसर पहुंचकर सबसे पहले सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब, दुर्गियाना मंदिर और श्री राम तीर्थ में माथा टेका. इसके बाद अमृतसर के मशहूर ‘ज्ञागी टी स्टॉल’ पर सचिन पायलट, परगट सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने चाय की चुस्की भी ली.
खिलाड़ी से राजनेता तक का सफर
पंजाब की राजनीति में आने से पहले परगट सिंह की पहचान भारतीय हॉकी के महान डिफेंडर और पूर्व कप्तान के रूप में रही है. खेल की दुनिया से राजनीति में कदम रखने के बाद वह जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र से लगातार विधायक चुने जाते रहे हैं. कांग्रेस सरकार के दौरान वह पंजाब के शिक्षा और खेल मंत्री के रूप में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. परगट सिंह हमेशा से ही राज्य में शिक्षा, खेल और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाते रहे हैं. अब पंजाब कांग्रेस का नेतृत्व मिलने के बाद उनके द्वारा पार्टी को मजबूत करने के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी गई हैं. इसी कड़ी के तहत डेरा सचखंड बल्लां में की गई यह यात्रा राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी अहम मानी जा रही है.
