Captain Smit Machhar
तेल अवीव, 09/10/2026
फ्लाईदुबई (flydubai) विमान के कॉकपिट में ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी द्वारा किए गए जानलेवा हमले का डटकर सामना करने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को इज़राइल के सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन HEROISM’ से सम्मानित किया जाएगा. गंभीर रूप से घायल होने और अत्यधिक खून बहने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने साहस दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों और ऑफ-ड्यूटी पायलटों को अंदर घुसकर हमलावर को काबू करने का मौका मिला और 174 यात्रियों व क्रू सदस्यों की जान बच गई.
इज़राइल के राष्ट्रपति ने की त्वरित स्वस्थ होने की कामना
कैप्टन स्मित मच्छार का फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. इज़राइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने कैप्टन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा “कैप्टन स्मित मच्छार की ज़बरदस्त बहादुरी और बेहतरीन प्रोफेशनलिज़्म ने एक बहुत बड़ी दुर्घटना को टाल दिया. जब वे पूरी तरह ठीक हो जाएंगे, तो इज़राइल की जनता की ओर से उन्हें ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म’ से सम्मानित करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात होगी.”
विमान को क्रैश करने की साजिश हुई नाकाम
इज़राइली इंटेलिजेंस रिपोर्ट के अनुसार, को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी का असल मकसद विमान पर कब्जा कर उसे तेल अवीव ले जाना और किसी इमारत से टकराकर एक बड़े आतंकी हमले को अंजाम देना था. कैप्टन मच्छार के कड़े प्रतिरोध के कारण जब हमलावर का पहला प्लान विफल हो गया, तो उसने विमान को रेगिस्तान में क्रैश करने की कोशिश की. हालांकि, कॉकपिट का दरवाजा खुलने के बाद विमान में सवार ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने तुरंत स्थिति को संभाला, विमान का नियंत्रण अपने हाथों में लिया और उसे सऊदी अरब में सुरक्षित लैंड करा लिया.
वैश्विक नेताओं ने की बहादुरी की सराहना
इज़राइल के राष्ट्रपति ने उन पांच इज़राइली यात्रियों को भी ‘वीरता पुरस्कार’ से सम्मानित किया है, जिन्होंने कॉकपिट में घुसकर को-पायलट को काबू में करने में मदद की थी. कैप्टन स्मित मच्छार की अभूतपूर्व बहादुरी और अदम्य साहस की भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित दुनिया भर के नेताओं ने जमकर सराहना की है.
