मुंबई (Patarkar Desk): भारतीय क्रिकेट टीम के भविष्य को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मुंबई में एक अहम हाई-लेवल मीटिंग की। टीम के हालिया खराब प्रदर्शन और लगातार तीन बड़ी सीरीज में मिली हार के बाद इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में टीम के प्रदर्शन, खिलाड़ियों की फिटनेस और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस बैठक में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण, टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल तथा टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर मौजूद रहे। वहीं, चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर किसी कारणवश बैठक में शामिल नहीं हो सके।
बैठक के बाद भारतीय क्रिकेट से जुड़े कई अहम फैसले सामने आए हैं।
1. रोहित शर्मा के रिटायरमेंट पर BCCI का रुख साफ
बैठक में रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चर्चा हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI फिलहाल रोहित शर्मा पर संन्यास लेने का दबाव नहीं बनाएगा। हालांकि, उनके प्रदर्शन की लगातार समीक्षा की जाएगी और खराब प्रदर्शन की स्थिति में टीम से बाहर किए जाने का विकल्प खुला रहेगा।
2. गौतम गंभीर की कोच पद पर स्थिति सुरक्षित
हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल उनकी position को कोई खतरा नहीं है। गंभीर वनडे वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम के साथ अपनी जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
3. VVS लक्ष्मण की भूमिका में फिलहाल बदलाव नहीं
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। फिलहाल उन्हें डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की जिम्मेदारी देने की कोई योजना नहीं है। वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मौजूदा भूमिका में ही काम जारी रखेंगे।
4. खिलाड़ियों की फिटनेस पर BCCI का फोकस
भारतीय खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर बोर्ड ने बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि खिलाड़ियों की फिटनेस और चोट से जुड़ी समस्याओं पर बेहतर तरीके से नजर रखी जा सके।
5. अजीत अगरकर की भूमिका पर चर्चा तेज
मीटिंग में चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर मौजूद नहीं थे। इसके बाद उनकी भूमिका और भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उनकी स्थिति को लेकर अभी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।
कुल मिलाकर, BCCI की इस बैठक में टीम इंडिया के प्रदर्शन, कोचिंग व्यवस्था, खिलाड़ियों की फिटनेस और चयन प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। रोहित शर्मा और अजीत अगरकर को लेकर आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
