स्पोर्ट्स, 17 जुलाई, 2026: भारत के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर मनजोत कालरा को श्रीलंका में गिरफ्तार किया गया है। उन पर लंका प्रीमियर लीग (LPL) में एक खिलाड़ी को रिश्वत देने का आरोप है। कालरा LPL टीम जाफना किंग्स के को-ओनर हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गिरफ्तारी टूर्नामेंट के छठे सीजन के शुरू होने से कुछ घंटे पहले हुई।
27 साल के कालरा को श्रीलंका पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने हिरासत में लिया, जो खेल से जुड़े अपराधों की जांच करती है। उन्हें एक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिन्होंने उन्हें 31 जुलाई तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया। उनके साथी युवराज पुष्पा को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
श्रीलंकाई पुलिस के मुताबिक, कालरा पर लंका प्रीमियर लीग से जुड़े एक खिलाड़ी को पैसे ऑफर करने का आरोप है। जांच एजेंसियों ने कहा कि खिलाड़ी ने करीब 10 दिन पहले अधिकारियों को कथित ऑफर के बारे में बताया था। कोर्ट को बताया गया कि इस मामले में भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो, दुनिथ वेलालगे और दो अन्य खिलाड़ियों ने शिकायत दर्ज कराई थी।
