स्पोर्ट्स डेस्क 30 जून 2026: Indian Women’s Cricket Team Announced: अगले महीने जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। सिलेक्टर्स ने हरमनप्रीत कौर को कैप्टन और स्मृति मंधाना को वाइस-कैप्टन बनाया है।
BCCI की सीनियर सिलेक्शन कमिटी ने विकेटकीपर यास्तिका भाटिया की जगह जी. कमलिनी को मौका दिया है। उन्होंने शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा जैसी सीनियर प्लेयर्स पर भरोसा जताया है।
खराब फॉर्म से जूझ रही विकेटकीपर यास्तिका भाटिया को टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह 17 साल की जी. कमलिनी को चुना गया है। यास्तिका वर्ल्ड कप के दौरान मिले मौकों का फायदा नहीं उठा पाईं। उन्होंने चार मैचों की तीन पारियों में 13.66 की एवरेज और 117.14 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 41 रन बनाए।
स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को फिटनेस क्लियरेंस मिलने के बाद टीम में शामिल किया गया है। नीदरलैंड्स के खिलाफ टखने में चोट लगने की वजह से वह पूरे T20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट से बाहर हो गई थीं। उनकी जगह वर्ल्ड कप टीम में शामिल प्रेमा रावत को इस बार मौका नहीं मिला।
एशियन गेम्स में क्रिकेट इवेंट T20 फॉर्मेट में होगा। ICC रैंकिंग में टॉप टीमों में शामिल होने की वजह से, भारतीय महिला टीम को क्वार्टर फाइनल या नॉकआउट स्टेज में सीधे एंट्री मिलने की उम्मीद है।
भारतीय टीम में हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरनी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और नंदिनी शर्मा शामिल हैं।
Read More: एशियन, विश्व और ओलंपिक चैंपियनों की नर्सरी बनकर उभरेगा संगरूर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

