चंडीगढ़, 29 जून 2026: पंजाब में चल रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 160वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के साथियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 574 ठिकानों पर छापेमारी की।
पंजाब पुलिस टीमों ने 160वें दिन दो हथियारों सहित 393 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरुआत के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 41,778 हो गई। इसके अलावा, 160 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 4 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है।
पंजाब पुलिस ने अपील की है कि लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गोपनीय रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में रिपोर्ट कर सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों संबंधी सूचना भी दे सकते हैं।
आज 70 नशा तस्कर गिरफ्तार
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के विरुद्ध अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 485वें दिन भी जारी रखते हुए आज 70 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 4.9 किलोग्राम हेरोइन, 224 नशीली गोलियां तथा 4200 रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
इसके साथ ही केवल 485 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की संख्या 70,595 तक पहुंच गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 10 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राजी किया है।

