vijayinder singla
नई दिल्ली, 1/10 /2026
पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर बड़े संगठनात्मक बदलाव की हलचल तेज हो गई है। दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान स्तर पर चल रहे गहन मंथन के बाद खबर है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के नए अध्यक्ष के नाम पर फैसला लगभग तय हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह विजय इंदर सिंगला को पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपने पर सहमति बन गई है।
विजय इंदर सिंगला के नाम पर बनी सहमति, औपचारिक ऐलान बाकी
कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, बुधवार को कांग्रेस हाईकमान ने विजय इंदर सिंगला के नाम को हरी झंडी दे दी है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है, लेकिन सोशल मीडिया पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अभी से सिंगला को बधाइयां देना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि दिल्ली से आज (गुरुवार) किसी भी समय आधिकारिक पत्र जारी किया जा सकता है।
“मुझे पद का कोई लालच नहीं” — राजा वड़िंग
संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं के बीच वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक बार फिर पद छोड़ने की पेशकश की है। एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में वड़िंग ने कहा:
“मुझे प्रधान पद का कोई लालच नहीं है। हाईकमान ने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी थी, और यदि वे अब इसे किसी और को देना चाहते हैं, तो मैं सहर्ष पद छोड़ने के लिए तैयार हूँ।”
सचिन पायलट की रिपोर्ट के बाद लिया गया फैसला
बताया जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने पिछले तीन हफ्तों के दौरान पंजाब के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और जमीनी कार्यकर्ताओं से अलग-अलग दौर की बैठकें की थीं। इसके बाद उन्होंने अपनी विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को सौंपी।
सूत्रों के मुताबिक, इस रिपोर्ट में राजा वड़िंग के कार्यकाल को लेकर पार्टी के भीतर मौजूद असंतोष और गुटबाजी को खत्म कर सभी दिग्गजों को एक मंच पर लाने में आ रही चुनौतियों का प्रमुखता से उल्लेख किया गया था। इसी रिपोर्ट के आधार पर हाईकमान ने नेतृत्व परिवर्तन का मन बनाया है।
