हरियाणा(Patarkar Desk)-यमुनानगर में नेशनल हाईवे पर कैल बाईपास के पास आज सुबह हुए एक सड़क हादसे में एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर चार लोग चंडीगढ़ कमांड से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सरसावा एयरफोर्स स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी तरफ जा गिरी। कार में सवार एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हो गए, जबकि ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार ड्राइवर धीरेंद्र ने बताया कि वह चंडीगढ़ से सहारनपुर में सरसावा एयरफोर्स स्टेशन जा रहा था। यमुनानगर हाईवे पर कैल बाईपास के पास एक गाड़ी खराब होने की वजह से ट्रैफिक जाम लग गया। वह अपनी कार एक तरफ खड़ी करके ट्रैफिक जाम खुलने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी और तीन अधिकारी घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही एयरफोर्स के दूसरे अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। सब-इंस्पेक्टर परमजोत सिंह ने कन्फर्म किया कि हादसे में एयरफोर्स के तीन अधिकारी घायल हुए हैं।
