The Vigilance Bureau caught an ASI red-handed while accepting a bribe of ₹80,000.
चंडीगढ़, 10/10/2026
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना सदर फरीदकोट में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) गुरबख्श सिंह को 80,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है।
आज यहां इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को जिला फरीदकोट के गांव घुगियाणा के एक निवासी की ओर से दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी एएसआई गुरबख्श सिंह उसके खिलाफ दर्ज मामले को रद्द करने के बदले पहले ही 40,000 रुपये रिश्वत ले चुका था। इस संबंध में आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता के खिलाफ दर्ज मामले को समाप्त करने के लिए उससे 80,000 रुपये की और रिश्वत मांगी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज फिरोजपुर से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया। इस दौरान आरोपी एएसआई गुरबख्श सिंह को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 80,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना फिरोजपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
