चंडीगढ़, 15/11/2026
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमें गीता के माध्यम से कर्म, कर्तव्य और लोक कल्याण का मार्ग दिखाया, वहीं भगवान बिरसा मुंडा ने अपने जीवन और संघर्ष से हमें स्वाभिमान, एकता तथा अपनी धरती और संस्कृति की रक्षा का संकल्प दिया। दोनों महापुरुषों के संदेश हमें सिखाते हैं कि सच्चा जीवन वही है, जो अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठावान हो और समाज के हित में समर्पित हो।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह बात रविवार को पंचकूला में ‘श्री कृष्ण कृपा धाम’ के भवन का शिलान्यास तथा जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण कृपा धाम के निर्माण कार्य के लिए 31 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम से ऑनलाइन माध्यम से जुड़ते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री कृष्ण कृपा धाम के रूप में पंचकूला की इस पावन धरती पर केवल एक भवन की ही नहीं, बल्कि एक ऐसे आध्यात्मिक केंद्र की नींव रखी जा रही है, जिसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को संस्कार, सेवा, समर्पण और श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ईंट और पत्थर से बनने वाला यह भवन श्रद्धा और संस्कारों के बल पर एक तीर्थ के रूप में विकसित होगा।
गीता का ज्ञान चिंताओं को समाप्त करता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार गीता के संदेश को कुरुक्षेत्र से अब विश्व में घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है जिसमें गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का उल्लेखनीय सहयोग है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब हम भविष्य को लेकर चिंतित होते हैं, तब श्रीमद्भगवद्गीता हमें धैर्य, विवेक और कर्म करने की प्रेरणा देती है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि इस धाम से निकलने वाला आध्यात्मिक संदेश पंचकूला से पूरे हरियाणा और देश भर में फैले।
प्रधानमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस को राष्ट्रीय पहचान दिलाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाई। वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को यह दिवस मनाया जा रहा है, ताकि जनजातीय वीरों के बलिदान और जनजातीय समाज के योगदान को पूरे देश के सामने सम्मानपूर्वक याद किया जा सके। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
बिरसा मुंडा का संघर्ष इतिहास में दर्ज
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और अपनी धरती एवं संस्कृति की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध उनका संघर्ष इतिहास में दर्ज है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि साहस केवल शस्त्र उठाने में नहीं, बल्कि अपने लोगों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य के लिए निडर होकर खड़े होने में भी है। उन्होंने समाज सुधारक के रूप में नशे, अंधविश्वास और कुरीतियों के विरुद्ध आवाज बुलंद की और फिर ‘हमारी धरती, हमारा राज’ का नारा देकर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए महाविद्रोह का नेतृत्व किया।
बिरसा मुंडा ने गीता को जीवन में उतारकर दिखाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि हम भगवान बिरसा मुंडा के जीवन को गौर से देखें तो हमें पता चलता है कि उन्होंने गीता को अपने जीवन में उतारकर दिखाया और गीता के संदेश के अनुरूप कर्म और कर्त्तव्य को प्राथमिकता दी जिसके कारण उन्हें सदैव याद किया जाता रहेगा। उन्होंने कम आयु में ही अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाकर जनजातीय समाज में जागरूकता, एकता और सांस्कृतिक गौरव की भावना जगाई। आज देश के हर किसान, आदिवासी और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने वाले प्रत्येक युवा के भीतर भगवान बिरसा मुंडा जीवित हैं।
