Mahipal Dhanda
चंडीगढ़, 13/10/2026
हरियाणा के विद्यालयों में पठन-पाठन के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और साफ-सफाई को सर्वोपरि रखते हुए प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के सभी राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में साफ-सफाई, हाउसकीपिंग, छत की सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, खेल के मैदानों के रखरखाव और जल निकासी के पुख्ता प्रबंधों के लिए सुचारू रूप से बजट जारी कर दिया गया है।
जिन प्राथमिक विद्यालयों में अंशकालिक कार्यकर्ता कार्यरत नहीं हैं, वहां इन व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए विभाग द्वारा 8,000 रुपये प्रति विद्यालय प्रति माह की दर से ‘स्वच्छ प्रांगण’ योजना के तहत बजट सीधे तौर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को बतौर आहरण एवं संवितरण अधिकारी (बीसीओ) जारी कर दिया गया है।
शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, मुख्य अध्यापकों, मुख्य शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के प्रधानों से आह्वान किया है कि वे इस बजट का समयबद्ध और पूर्ण सदुपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि संबंधित विद्यालयों को तुरंत राशि आवंटित कर जमीनी स्तर पर कार्य करवाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि हमारे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे एक स्वच्छ, स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण में शिक्षा ग्रहण कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह प्रयास प्रदेश के प्राथमिक शिक्षा ढांचे को और अधिक सुदृढ़ एवं आदर्श बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
