गुरुहरसहाय 12 मार्च 2024
शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने आज पंजाबियों से आगामी संसदीय चुनावों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी द्वारा धोखा देने के लिए उनके उम्मीदवारों की जमानत जब्त करवाकर करारा सबक सिखाने की अपील की है।
अकाली दल अध्यक्ष पार्टी की पंजाब बचाओ यात्रा के दौरान गुरुहरसहाय और जलालाबाद हलके का दौरा कर बाॅर्डर इलाके में अभूतपूर्व समर्थन मिला , उनसे मिलने के लिए हजारों लोग कई जगहों पर सड़कों पर आए , यहां तक कि सैंकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और नौजवान दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में ट्रैक्टरों, कारों और जीपों में उनके साथ थे।
सरदार सुखबीर सिंह बादल, गुरुहरसाहय में वरदेव सिंह मान और जलालाबाद में सतिंदरजीत सिंह मंटा के साथ पहुंचे। उन्होने कांग्रेस और आप दोनों द्वारा सीमावर्ती हलके की अनदेखी करने पर दुख व्यक्त किया। उन्होने कहा कि अकाली दल उन किसानों को मालिकाना हक बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है,जिन्हे अब तक यह अधिकार नही दिया गया है। उन्होने बताया ,‘‘ पूर्व मुख्यमंत्री सरदार परकाश सिंह बादल ने यह प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन बाद की कांग्रेस सरकार ने आपको मालिकाना हक देने से इंकार कर दिया। अब हम अपनी सरकार बनने के तुरंत बाद आपको यह अधिकार देंगें।’’
सरदार बादल ने इस बात पर भी हैरानी व्यक्त किया कि सीमावर्ती क्षेत्र में अकाली दल द्वारा स्थापित सेवा केंद्र और सुविधा केंद्र दोनों को बंद कर दिया गया है। ‘‘ लोग मेरे पास आए और मुझे बताया कि अकाली दल द्वारा स्थापित आर.ओ प्लांट बंद होने के कारण उन्हे पीने योग्य पानी भी नही मिल रहा है। कई लोगों ने यह भी दावा किया कि आटा-दाल और बुढ़ापा पेंशन जैसे सामाजिक भलाई लाभों से उन्हे वंचित किया जा रहा है। यह बेहद निंदनीय है और हम इन सभी सुविधाओं की लोगों को वापिस बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं’’।
यह कहते हुए सरदार बादल ने कहा कि अकाली दल पंजाबियों को कभी निराश नही करेगा, जैसा कि कांग्रेस और आप पार्टी ने किया है। उन्होने कहा , ‘‘ हमारे लिए क्षेत्रीय आकांक्षाएं सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। क्षेत्रीय आकांक्षाओं की रक्षा करने का हमारा ट्रैक रिकाॅर्ड है। अकाली दल कार्यकाल के समय सर्वांगीण विकास हुआ है, चाहे वह किसान हों, महिलाएं हो, कमजोर वर्गों , नौजवानों, व्यापार, उद्योग और सरकारी कर्मचारी हों- समाज के हर वर्ग को प्रभावित किया है।’’
सरदार बादल ने शिरोमणी अकाली दल को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि एसजीपीसी और पंथक संस्थाओं पर हाल के हमले चुनावी क्षेत्र में पार्टी को कमजोर करने का परिणाम है। ‘‘ देखिए इससे पंथ को कितना नुकसान हुआ है। शिरोमणी कमेटी को तोड़कर हरियाणा में अलग हरियाणा सरकार प्रायोजित कमेटी का गठन किया गया है। महाराष्ट्र सरकार ने हजूर साहिब कमेटी पर कब्जा करने की कोशिश की, जैसे दिल्ली कमेटी पर कब्जा कर लिया गया था।’’
सरदार बादल ने यह भी कहा कि पंजाब में ड्रग्ज का खतरा खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, क्योंकि आप विधायक न केवल नशा तस्करों के साथ सांठगांठ कर रहे हैं बल्कि उनसे मासिक भत्ता भी ले रहे हैं। उन्होने कहा कि आप विधायक पुलिस के कामकाज में भी हस्तक्षेप कर रहे हैं और पुलिस को ड्रग सरगनाओं को गिरफ्तार करने से रोक रही है। उन्होने कहा कि गुंडागर्दी और जबरन वसूली की संस्कृति के साथ ड्रग्ज के प्रसार ने पंजाब को पीछे की ओर धकेल दिया है और इसके कारण राज्य में कोई नया निवेश नही आया है और यहां तक कि घरेलू व्यापारी भी राज्य से उत्तर प्रदेश और अन्य जगहों पर पलायन कर रहे हैं।