faridabad safai karamchari
फरीदाबाद, 12 सितंबर 2026
हरियाणा भर में पिछले 37 दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है ऐलान होने के बाद शनिवार सुबह शहर की सफाई व्यवस्था फिर से शुरू हो गई. सरकार के साथ मांगों पर सहमति बनने के बाद सफाई कर्मचारी अपने काम पर लौट आए इस दौरान शहर की सड़कों, बाजारों और गलियों में शनिवार सुबह सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाते नजर आए. कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई अभियान शुरू किया. बाजारों में झाड़ू लगाने के साथ गलियों, नालियों और घरों के बाहर लंबे समय से जमा कूड़े को हटाने का काम किया गया.
लंबे समय तक सफाई व्यवस्था प्रभावित रहने के कारण शहर के कई हिस्सों में कूड़े और गंदगी के ढेर जमा हो गए थे. अब नगर निगम और सफाई कर्मचारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन इलाकों को जल्द साफ कर व्यवस्था को सामान्य करना है. प्राथमिकता के आधार पर ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में सफाई कराई जा रही है.
नगर निगम सफाई कर्मचारी नेता बलबीर सिंह गुलेरिया ने कहा कि, “सरकार के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों को लेकर सहमति बनी है. मुख्यमंत्री की ओर से सफाई कर्मचारियों की 16 मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है. बैठक में कर्मचारियों की ओर से राज्य प्रधान नरेश शास्त्री भी मौजूद रहे.
सरकार के साथ बातचीत और मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मचारी नेताओं ने हड़ताल समाप्त करने की अपील की. इसके बाद शनिवार सुबह सफाई कर्मचारी अपने काम पर लौट आए. 37 दिनों तक बंद रही सफाई व्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के लिए अब विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
बलबीर सिंह गुलेरिया ने आगे कहा कि, “37 दिनों की हड़ताल के दौरान शहर के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं. अब हमारा फोकस जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था को सामान्य करने पर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से पहले शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा.”
वहीं, स्थानीय दुकानदार गोपाल गर्ग ने कर्मचारियों के काम पर लौटने का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि, “लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण बाजारों और आसपास की गलियों में काफी गंदगी जमा हो गई थी. अब कर्मचारियों के लौटने से धीरे-धीरे हालात सुधरने की उम्मीद है.”
