हैदराबाद, 27/06/2026
सामंथा रुथ प्रभु की फिल्म ‘मा इंटी बंगारम’ का सीक्वल बनने जा रहा है. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शानदार सफलता और कहानी व सामंथा के अभिनय की सराहना के बाद, फिल्म निर्माताओं ने विशाखापत्तनम में एक सक्सेस पार्टी रखी. इस कार्यक्रम के दौरान, अभिनेत्री के पति और लेखक राज निदिमोरू ने सीक्वल की घोषणा करके प्रशंसकों को चौंका दिया.
राज ने सबसे पहले दर्शकों से पूछा कि क्या वे कहानी को आगे बढ़ते देखना चाहते हैं? भीड़ की जोरदार तालियों के साथ प्रतिक्रिया देखकर उन्होंने इसका एलान कर दिया. राज ने तेलुगु में कहा, ‘मेरे मन में पहले से ही एक विचार है. वही टीम इस पर काम करेगी. पहली बार मुझे दूसरा भाग बनाने की प्रेरणा मिली है. इसमें दोगुना मजा और दोगुना रोमांच होगा. मैं बाद में आकर आपको इसके बारे में और बताऊंगा’.
राज ने ‘मां इंटी बंगारम’ को मिली प्रतिक्रिया पर भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फिल्म ने उन्हें उनकी कुछ पिछली ब्लॉकबस्टर परियोजनाओं, जैसे ‘स्त्री’ और ‘द फैमिली मैन’ की तुलना में अधिक सराहना दिलाई है, क्योंकि यह “लोगों के दिलों को छू गई.
नंदिनी रेड्डी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘मा इंटी बंगारम’ में समंथा रुथ प्रभु के साथ गुलशन देवैया, श्रीमुखी और दिगंथ मंचले मुख्य भूमिका में हैं. सामंथा रुथ प्रभु , राज निदिमोरु और हिमांशु द्वारा ‘ट्रा ला ला पिक्चर्स’ बैनर के तहत निर्मित यह फिल्म महिलाओं के नेतृत्व वाली सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.
इसने अपने पहले सप्ताह में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग 35 करोड़ रुपये कमाए और वर्ल्डवाइड 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया. 1980 के दशक में घटित यह कहानी स्वर्ण (सामंथा द्वारा अभिनीत) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने परिवार की इच्छा के खिलाफ एक डॉक्टर से शादी कर लेती है. शुरुआत में उसे अपने ससुराल में फिट बैठने के लिए संघर्ष करना पड़ता है, लेकिन धीरे-धीरे वह उनका दिल जीत लेती है, इससे पहले कि उसका अतीत उसके नए जीवन में उथल-पुथल मचा दे.
‘मा इंटी बंगारम’ फिल्म से सामंथा लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं. अभिनेत्री ने हाल ही में अपनी प्रेग्नेंसी की कंफर्म कर फैंस को गुडन्यूज दी और बताया कि वह मैटरनिटी लीव ले रही हैं. सामंथा ने दिसंबर में कोयंबटूर के ईशा योग केंद्र में राज निदिमोरू से शादी की थी. यह जोड़ी इससे पहले द फैमिली मैन सीजन 2, सिटाडेल: हनी बनी, शुभम और अब मां इंटी बंगारम में एक साथ काम कर चुकी है.
