नई दिल्ली, 28/01/2026
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के फ्लैट्स में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए राहत भरी खबर है. अब उन्हें छोटी-बड़ी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए विकास सदन डीडीए मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे. डीडीए ने हाउसिंग पॉकेट स्तर पर ही समस्याओं के निपटारे के लिए एक नई ‘जनसुनवाई’ व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है. इसके तहत अब हर बुधवार दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक साइट इंजीनियर जनता के बीच मौजूद रहकर उनकी शिकायतें सुनेंगे.
साइट इंजीनियर खुद करेंगे शिकायतों का निपटारा
डीडीए हाउसिंग के डिप्टी डायरेक्टर चिन्मय चक्रवर्ती द्वारा जारी हालिया सर्कुलर के अनुसार, इस जनसुनवाई का नेतृत्व सीधे साइट इंजीनियर करेंगे. इस पहल का मुख्य उद्देश्य रेजिडेंट्स और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना है. जनसुनवाई में विशेष रूप से फ्लैट्स की हैंडओवर प्रक्रिया, मेंटेनेंस और हाउसिंग पॉकेट से जुड़े सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित पॉकेट के इंचार्ज और साइट इंजीनियरों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा. केवल सुनवाई ही नहीं, बल्कि शिकायतों के समाधान के लिए समयबद्ध सीमा भी तय की गई है.
इसलिए महसूस हुई जनसुनवाई की जरूरत
डीडीए ने 1967 से अब तक 50 से अधिक हाउसिंग स्कीमें लॉन्च की हैं. वर्तमान में 240 से अधिक रजिस्टर्ड रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन डीडीए के दायरे में हैं. पुराने फ्लैट्स होने के कारण अक्सर बुनियादी ढांचे, लीकेज और मेंटेनेंस की शिकायतें आती रहती हैं. स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने के कारण बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को छोटे कामों के लिए भी आईएनए स्थित मुख्यालय जाना पड़ता था. हालांकि डीडीए ने हर आरडब्ल्यूए के साथ एक लिंक ऑफिसर जोड़ा हुआ है, लेकिन धरातल पर शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा था. बीते कुछ वर्षों में आरडब्ल्यूए की ओर से मेंटेनेंस और सुरक्षा को लेकर सबसे अधिक शिकायतें दर्ज कराई गई हैं.
बनेगा पूरा रिकॉर्ड, जवाबदेही होगी तय
नई व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए साइट इंजीनियरों को निर्देश दिया गया है कि वे हर जनसुनवाई में आने वाले लोगों और उठाए गए मुद्दों का पूरा रिकॉर्ड मेंटेन करेंगे. इस रिकॉर्ड की निगरानी सभी जोन के चीफ इंजीनियर करेंगे. यदि किसी समस्या का समाधान समय पर नहीं होता है, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी.
जनसुनवाई का दिन प्रत्येक बुधवार
समय दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक
स्थान संबंधित हाउसिंग पॉकेट/साइट कार्यालय
प्रमुख मुद्दे मेंटेनेंस, सुरक्षा, फ्लैट हैंडलिंग
