manjit sidhu osd to cm
चंडीगढ़, 14/10/2026
पंजाब की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री भगवंत मान के बेहद करीबी रहे मनजीत सिंह सिद्धू कांग्रेस में शामिल हो गए। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह की उपस्थिति में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिद्धू ने अपने राजनीतिक सफर, कांग्रेस में शामिल होने के फैसले और मुख्यमंत्री मान के साथ अपनी दशकों पुरानी दोस्ती का जिक्र किया। मनजीत सिद्धू ने कहा, “भगवंत मान के साथ मेरी 37 साल पुरानी दोस्ती थी। लेकिन जब बात पंजाब की आई, तो मान कुर्सी के साथ खड़े हो गए और मैं पंजाब के लोगों के साथ खड़ा हो गया।”
11 साल बाद फिर राजनीति में सक्रियता
सिद्धू ने बताया कि उन्होंने करीब 11 साल पहले पत्रकारिता छोड़कर राजनीति से भी दूरी बना ली थी। उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी था जब उनके पास चाय पीने तक के पैसे नहीं होते थे। उन्हें उम्मीद थी कि राज्य के हालात सुधरेंगे, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने अच्छी सोच वाले लोगों के साथ मिलकर आगे आने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सोच, सचिन पायलट को मिली जिम्मेदारियों और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में परगट सिंह की नियुक्ति ने उन्हें पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
‘SIR’ प्रक्रिया पर परगट सिंह की सफाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परगट सिंह ने पंजाब में चल रही वोटर सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि वे राज्य में लागू की जा रही ‘SIR’ प्रक्रिया से बिल्कुल सहमत नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल एक बैठक में शामिल हुए थे और उनकी मौजूदगी को इस प्रक्रिया के समर्थन के रूप में न देखा जाए।
मानसा में आज पंजाब कांग्रेस करेगी धरना प्रदर्शन
मानसा में परविंदर सिंह झोटा के कत्ल के बाद से राजनीती गर्मा चुकी है परगट सिंह ने कल प्रेसवार्ता के दौरान ऐलान किया था की अगर दोषी गिरफ्तार न हुए तो पंजाब कांग्रेस मानसा में धरना प्रदर्शन करेगी लेकिन पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्वनी को सालासर से गिरफ्तार कर लिया है अब देखना होगा की कांग्रेस धरना प्रदर्शन करेगी या नहीं वही राजा वड़िंग परगट सिंह से पहले मृतक परविंदर सिंह के परिवार से मुलाकात करने पहुंचे है
