नेशनल(Patarkar Desk)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के पिता से मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने पीड़ित के पिता की शिकायत पर पहले से दर्ज FIR में SC/ST एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
इसके अलावा नाबालिग लड़की को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर मिल रही जान से मारने और अन्य धमकियों के मामले में पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ POCSO एक्ट और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं के तहत एक अलग FIR दर्ज की है।
नाबालिग को सोशल मीडिया पर मिल रही थीं धमकियां
पुलिस के अनुसार, 14 वर्षीय लड़की ने शिकायत दी थी कि उसे सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने समेत कई तरह की धमकियां दी जा रही हैं। शिकायत में स्वतंत्र भारद्वाज का नाम भी शामिल था। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब सोशल मीडिया पर नाबालिग को धमकी देने वाले अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बुलंदशहर से हिरासत में लिया गया था आरोपी
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट की वीडियो क्लिप वायरल होने के बाद की गई थी। पुलिस के मुताबिक, वायरल क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर नाबालिग के पिता के साथ मारपीट करने की बात कही थी।
लोहे की रॉड से सिर पर वार का आरोप
मामला 23 जून 2026 का है। उस दिन जंतर-मंतर पर CJP का विरोध प्रदर्शन चल रहा था। शिकायतकर्ता अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ प्रदर्शन में पहुंचा था। शाम करीब 5:30 बजे वह मोबाइल से वीडियो बना रहा था, तभी वहां मौजूद एक युवक से उसकी बहस हो गई।
आरोप है कि इसके बाद दो-तीन युवकों ने उसे घेर लिया और उसके सिर पर मुक्कों तथा लोहे की रॉड जैसी भारी वस्तु से हमला किया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल व्यक्ति को इलाज के लिए दिल्ली के RML अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके सिर पर दो गंभीर चोटें सामने आईं।
इस मामले में पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में FIR नंबर 62/2026 दर्ज की गई थी। पुलिस ने शुरुआत में BNS की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था, जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार के नाम शामिल थे। अब मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने इसमें SC/ST एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
