नेशनल 11 जुलाई: हैदराबाद के चेरलापल्ली इलाके का एक कपल स्विट्जरलैंड घूमने के दौरान लापता हो गया है। कपल पिछले तीन हफ़्तों से अपने परिवार के संपर्क में नहीं है, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से मदद मांगी है।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लापता कपल की पहचान हैदराबाद के चेरलापल्ली के रहने वाले पब्बा चंद्रशेखर और उनकी पत्नी पब्बा स्वप्ना के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, कपल छुट्टियां मनाने स्विट्जरलैंड गया था और ट्रिप के शुरुआती दिनों में अपने परिवार के संपर्क में था। हालांकि, इसके बाद अचानक उनका संपर्क टूट गया। परिवार वालों का कहना है कि कपल के मोबाइल फोन 20 दिनों से ज़्यादा समय से बंद हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामला तब सामने आया जब कपल की बेटी पब्बा श्रेया 9 जुलाई को चेरलापल्ली पुलिस स्टेशन गई और उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उसने कहा कि बार-बार कोशिश करने के बाद भी वह तीन हफ़्ते से ज़्यादा समय से अपने माता-पिता से संपर्क नहीं कर पा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


