womens asia cup
न्यूज़ डेस्क, 11 सितंबर 2026
सात बार की चैंपियन भारतीय टीम ने महिला टी20 एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराकर फाइनल में पहुंच गई. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निराशाजनक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करने के बावजूद 6 विकेट पर 149 रन बनाने में सफल रही. जिसमें सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (64 रन) के अर्धशतकीय पारी भी शामिल है. जिसमें उन्होंने 40 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और तीन छक्के भी लगाए. इस आक्रामक पारी के दौरान शेफाली को तीन बार जीवनदान भी मिला.
बांग्लादेश की टीम के लिए इस लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल ही लग रहा था और ऐसा ही हुआ. उनकी टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी. बांग्लादेश की तरफ से शोर्णा अख्तर नाबाद 22 रन बनाकर शीर्ष स्कोर रहीं. इसके अलावा दिलारा अख्तर ने 21 और कप्तान निगार सुल्ताना ने 19 रन बनाए. वहीं भारती की तरफ से अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि श्री चरणी और प्रेमा रावत को एक एक विकेट मिला. नंदनी शर्मा ने दो विकेट प्राप्त किए.
आज के मैच में भारत की भी बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही. आमतौर पर स्पिन गेंदबाजी को बखूबी खेलने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (28 गेंद में नाबाद 24 रन) अपनी पारी के अधिकांश समय संघर्ष करती रहीं. उन्होंने अपनी पहली 16 गेंदों पर सिर्फ चार रन बनाए. शेफाली ने अकेले दम पर भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. उन्हें छह ,11 और 56 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला.
शीर्ष चार भारतीय बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा जबकि शेफाली ने 160 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनकी पारी में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ तीन छक्के भी शामिल थे. इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए. उनकी पारी में तेज गेंदबाज मारूफा अख्तर की गेंद पर फ्रंट-फुट पुल शॉट, रिवर्स स्वीप शॉट और स्पिनरों के खिलाफ सीधे मैदान के ऊपर से लगाए गए जोरदार शॉट शामिल थे.
भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 45 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में रन गति बढ़ाने में नाकाम रहा. भारत की तीसरे नंबर की नयी बल्लेबाज प्रतिका रावल (24 गेंद में 20 रन) टूर्नामेंट में दबाव में रही हैं, उन्होंने अख्तर की गेंद पर बेहतरीन कवर ड्राइव लगाया। बाद में उन्होंने क्रीज से बाहर निकलकर छक्का लगाया, लेकिन इसी गेंदबाज की गेंद पर आउट हो गईं.
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष (16 गेंद में 21 रन) भी शुरुआत में धीमी रहीं, लेकिन उन्होंने महत्वपूर्ण रन जोड़ने में सफलता हासिल की. कप्तान हरमनप्रीत ने पारी के अंत में दो छक्के लगाए. जिससे भारत 149 तक पहुंचने में सफल रहा. अब रविवार को फाइनल मैच में भारत का मुकाबला 11 सितंबर को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा.
