हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचायतों और नगरपालिकाओं को आर्थिक एवं प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि सक्षम पंचायतें और जवाबदेह नगरपालिकाएं ही विकसित हरियाणा की मजबूत नींव हैं। दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार स्थानीय निकायों को अपने स्तर पर जुटाए गए अतिरिक्त राजस्व के बराबर राशि मैचिंग ग्रांट के रूप में देगी। इसके अलावा, राज्य के स्वयं के कर राजस्व (SOTR) का 2 प्रतिशत अतिरिक्त कोष भी स्थानीय निकायों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल सरकार अपने कर राजस्व का 7 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय निकायों को दे रही है। मुख्यमंत्री ने पंचायतों से अपनी साझा जमीन, तालाबों और सामुदायिक संपत्तियों को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगरपालिकाएं भी बेहतर कर संग्रहण के जरिए अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें।
स्थानीय निकायों को मिलेंगी नई जिम्मेदारियां
नायब सिंह सैनी ने बताया कि सरकार चरणबद्ध तरीके से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति और अग्निशमन सेवाओं जैसी जिम्मेदारियां स्थानीय निकायों को सौंपेगी। इससे पंचायतों और नगरपालिकाओं की निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी।
अधिक राजस्व जुटाने वाले निकाय होंगे सम्मानित
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अपने क्षेत्र में सबसे अधिक राजस्व अर्जित करने वाले स्थानीय निकायों को राज्य स्तर पर सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय निकायों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बेहतर वित्तीय प्रबंधन को बढ़ावा देना है। उन्होंने पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध ऑडिट, डिजिटल संपत्ति रिकॉर्ड और ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा हरियाणा बनाना है, जहां गांवों में शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं हों और स्थानीय निकाय आत्मनिर्भर बनकर विकास कार्यों को गति दें।
