सिरोही, 19/10/2026
राजस्थान के सिरोही से कांग्रेस के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता संयम लोढ़ा को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग और आरजू बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी मिली है। विदेशी नंबरों से आए अंतरराष्ट्रीय कॉल्स और आपत्तिजनक ऑडियो मैसेज के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पूर्व विधायक की सुरक्षा तत्काल प्रभाव से और अधिक कड़ी कर दी है। इस सिलसिले में पाली जिले के सुमेरपुर सदर थाने में एफआईआर (FIR No. 165/26) दर्ज कर ली गई है।
विदेशी नंबरों से आए कॉल और ऑडियो संदेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर को पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के फोन पर अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार तीन बार कॉल्स आए, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद एक वॉइस नोट (ऑडियो संदेश) भेजा गया, जिसमें भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़े आरजू बिश्नोई का भाई बताते हुए उन्हें सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के सामने आने के बाद पूर्व विधायक ने सुमेरपुर सदर थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए बताया, “11 अक्टूबर को विदेशी नंबरों से 3 कॉल आए, जिन्हें मैंने नहीं उठाया। फिर वॉयस नोट आया जिसमें धमकी मिली। इसके बाद पुलिस ने और ज्यादा सुरक्षा बढ़ाई है।”
साइबर और तकनीकी टीम कर रही है जांच
पुलिस की साइबर और तकनीकी सेल अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट प्रोटोकॉल (IP) एड्रेस और ऑडियो मैसेज के आधार पर बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कॉल वास्तव में विदेश से किए गए थे या फिर वर्चुअल नंबरों (VPN/VOIP) का इस्तेमाल कर किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने की साजिश रची है।
पहले भी रची जा चुकी है साजिश के इनपुट
उल्लेखनीय है कि संयम लोढ़ा की सुरक्षा को लेकर पहले भी गंभीर इनपुट सामने आ चुके हैं। कुछ समय पूर्व जोधपुर में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) द्वारा पकड़े गए लॉरेंस गैंग के दो शार्प शूटरों ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि पूर्व विधायक उनके मुख्य निशाने पर थे और इसके लिए उन्होंने सिरोही स्थित उनके फार्म हाउस तथा आसपास के इलाकों की रेकी भी की थी। फिलहाल, पुलिस प्रशासन मामले के हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रहा है और पूर्व विधायक के आवास व आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
