नई दिल्ली, 06/10/2026
कथित ‘वोट चोरी’ और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने 10 अक्टूबर से एक व्यापक और आक्रामक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। यह फैसला नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने की। इस बैठक में सभी एआईसीसी (AICC) महासचिव, राज्य प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष और फ्रंटल संगठनों के प्रमुख शामिल हुए।
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने मौजूदा चुनावी व्यवस्था और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाना कांग्रेस और समान विचारधारा वाले दलों का दायित्व है। राहुल गांधी के निर्देशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विरोध प्रदर्शन तात्कालिक न होकर तब तक जारी रहेगा, जब तक कि मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाया नहीं जाता और चुनावी प्रक्रिया में सुधार नहीं किया जाता।
अभियान का रूपरेखा और प्रमुख कार्यक्रम (‘वोट बचाओ – देश बचाओ’)
-
10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर: देशभर में ब्लॉक स्तर पर विरोध मार्च निकाले जाएंगे, जो उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) कार्यालयों पर समाप्त होंगे।
-
25 अक्टूबर से 25 नवंबर: ‘गांव चौपाल’ कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्थानीय नेताओं, ग्रामीणों और मुखियों के साथ चुनावी गड़बड़ियों और वोट हटाने के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
-
1 नवंबर: दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन की एक विशाल मेगा रैली आयोजित की जाएगी।
-
25-26 नवंबर: ‘दिल्ली चलो’ गाड़ी रैली का आयोजन होगा, जिसका समापन 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर दिल्ली में होगा।
-
बीएलए (BLA) की भूमिका: बूथ स्तर के एजेंट (BLA) ‘वोट रक्षक’ के रूप में कार्य करेंगे, जो मतदाता सूची से अनुचित रूप से हटाए गए मतदाताओं की पहचान कर उनका पुन: नामांकन सुनिश्चित करेंगे।
वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय तक शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक चुनावी पारदर्शिता बहाल नहीं होती और जवाबदेही तय नहीं की जाती, पार्टी का यह आंदोलन जारी रहेगा।
