न्यूज डेस्क, 23/04/2026
पश्चिम बंगाल विधान सभा के पहले चरण और तमिलनाडु विधानसभा का चुनाव आज हो रहा है. मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे खत्म होगा. बंगाल में विधानसभा की कुल 294 सीटों में से 152 सीटों पर पहले चरण में आज मतदान हो रहा है. ये सीटें राज्य के 16 जिलों में फैला है. बाकी 142 सीटों पर मतदान 29 अप्रैल को होगा. वहीं, तमिलनाडु में एक ही चरण में सभी 234 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है. चुनाव आयोग की ओर से दोनों राज्यों में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है. सभी राज्यों की मतों की गिनती चार मई को होगी.
बंगाल चुनाव, भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने वोट डाला
पश्चिम बंगाल चुनाव, राज्य के नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम तथा भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से उनके खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं.
तमिलनाडु चुनाव, थूथुकुडी के एक बूथ पर तकनीकी खराबी के कारण मतदान में देरी हुई
तमिलनाडु चुनाव, थूथुकुडी के दुविपुरम में बूथ 295 पर कंट्रोल यूनिट में खराबी के कारण मतदान में देरी हुई.
पश्चिम बंगाल चुनाव, झाड़ग्राम के एक मतदान केंद्र के पास दिखा हाथी
पश्चिम बंगाल चुनाव, झाड़ग्राम के जीतूसोल प्राइमरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र के पास के इलाके में एक हाथी घुस गया.
तमिलनाडु चुनाव 2026, बीजेपी उम्मीदवार तमिलिसाई सुंदरराजन ने वोट डाला
तमिलनाडु चुनाव 2026, मायलापुर से बीजेपी उम्मीदवार तमिलिसाई सुंदरराजन ने अपना वोट डाला और कहा, ‘हर किसी को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का जश्न मनाना चाहिए. मुझे सचमुच बहुत खुशी है कि इसी बूथ ने मुझे एक आम सदस्य के तौर पर, एक मेडिकल छात्रा के तौर पर वोट डालने का मौका दिया. जब मैं दो राज्यों की गवर्नर बनी, तब भी मैंने अपना वोट नहीं बदला. और अब इसने मुझे एक उम्मीदवार के तौर पर वोट डालने का मौका दिया है. यही लोकतंत्र की खूबसूरती है. और तमिलनाडु में लोगों को सुरक्षित महसूस करना चाहिए. बदलाव होना चाहिए और संसद या विधानसभा में महिलाओं की आवाज उठनी चाहिए. लोग हमें यह मौका देंगे.’
बंगाल चुनाव 2026, बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष ने चुनाव को लेकर ये कहा
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026, खड़गपुर सदर से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष ने चुनाव को लेकर कहा, ‘बीजेपी का मुख्य प्रभाव क्षेत्र उत्तरी और दक्षिणी बंगाल में है और मुझे लगता है कि बीजेपी वहाँ 100 से ज्यादा सीटें जीतेगी. जीत का रास्ता यहीं से साफ होगा.’
पश्चिम बंगाल चुनाव, बीरभूम के एक मतदान केंद्र पर लगी मतदाताओं की लंबी कतार
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026, राज्य विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए मतदान शुरू होने के साथ ही बीरभूम के एक मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई.
पीएम मोदी ने बंगाल और तमिलनाडु चुनाव में लोगों से बढ़चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल और तमिलनाडु के लोगों से विधानसभा चुनाव में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने एक्स पर लिखा,’पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का पहला चरण आज हो रहा है. मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरी शक्ति के साथ भाग लें. मैं विशेष रूप से अपने युवा मित्रों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से अपील करता हूँ कि वे बड़ी संख्या में मतदान करें.’
एक अन्य पोस्ट में लिखा,’जैसे-जैसे तमिलनाडु के लोग विधानसभा चुनावों में मतदान करने की तैयारी कर रहे हैं, मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूँ कि वे इस पवित्र लोकतांत्रिक कर्तव्य को पूरे उत्साह के साथ निभाए. विशेष रूप से मैं तमिलनाडु के युवाओं और महिलाओं से आह्वान करता हूँ कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और रिकॉर्ड मतदान का मार्ग प्रशस्त करें.’
