अमृतसर, 27/10/2026
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर टीम ने सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 विदेशी .30 बोर पिस्तौल, मैगजीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलजीत सिंह और गुरजंट सिंह निवासी गांव सिंघोकी तथा अरशदीप सिंह निवासी गांव निसोके, अमृतसर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे और पुलिस से बचने के लिए एन्क्रिप्टेड संचार प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे। हथियारों की खेप ड्रोन के जरिए रामदास सेक्टर में पहुंचाई गई थी, जिसे आगे आपराधिक तत्वों तक सप्लाई किया जाना था।
गुप्त सूचना के आधार पर सीआई अमृतसर ने वेरका बाईपास स्थित फतेहगढ़ शुकरचक अंडरब्रिज के पास तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में एसएसओसी अमृतसर थाने में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 70 दर्ज की गई है। पुलिस हथियार तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के संबंधों की जांच कर रही है।
