होशियारपुर, 16/06/2026
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज पारंपरिक राजनीतिक पार्टियों पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये पार्टियाँ धर्म का दुरुपयोग कर रही हैं और उन्हें बदनाम करने के लिए लगातार झूठा प्रचार कर रही हैं, क्योंकि वे न तो ऐतिहासिक ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम-2026’ के पारित होने को हज़म कर पा रही हैं और न ही इस बात को कि एक सामान्य घर का बेटा पंजाब में सुचारू रूप से सरकार चला रहा है।
चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के गाँव बिहाला में ‘लोक मिलनी’ के दौरान विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों द्वारा दिए गए अपार प्यार, सम्मान और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता का यह बड़ा समर्थन प्रदेश सरकार की नीतियों और नीयत में उनके अटूट विश्वास को दर्शाता है।
बिहाला में लोक मिलनी को मिली लोगों की भरपूर प्रतिक्रिया
इस लोक मिलनी को लोगों द्वारा भरपूर प्रतिक्रिया मिली, जहाँ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सुनने के लिए न केवल पंडाल में बल्कि आस-पास के घरों की छतों, बालकनियों और बनेरों पर भी हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए। क्षेत्र के लोगों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों के सम्मान में उन्हें सम्मानित करते हुए श्री साहिब (तलवार) भेंट की। लोगों के इस प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों द्वारा मिला ऐसा अपार प्यार उन्हें पंजाब और इसके लोगों की भलाई, प्रगति और समृद्धि के लिए दिन-रात मेहनत करने के संकल्प को और मजबूत करता है।
लोक मिलनी के दौरान भरी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मैं अकाल पुरख का आभारी हूँ जिन्होंने मुझे ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम-2026’ लाने का अवसर प्रदान किया। जब भी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाएँ हुईं तो करोड़ों लोगों के दिल व्यथित हुए। हमेशा यह उम्मीद होती थी कि दोषी पकड़े जाएँगे। कई बार वे गिरफ्तार भी हुए, परंतु कानून की कमियों का फायदा उठाकर उन्हें मानसिक रूप से बीमार बताकर सजा से बचा दिया जाता था। परमात्मा ने मुझे कानूनी विशेषज्ञों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श करके यह विधेयक लाने की बल-बुद्धि और ताकत प्रदान की है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार ने इस विधेयक को अत्यंत सावधानीपूर्वक तैयार किया है ताकि भविष्य में कोई संशोधन या कानूनी खामी इसे कमजोर न कर सके। यह समाज-विरोधी तत्वों के लिए एक सबक होगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में सहायक सिद्ध होगा।”
अकाली दल पर तीखा प्रहार करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा, “जब वे सत्ता में थे तब उन्होंने ऐसा कानून बनाने के लिए कभी गंभीरता नहीं दिखाई। सच्चाई यह है कि उनकी नीयत में ही खोट थी। अकालियों ने अपने राजनीतिक हितों के लिए बेअदबी की घटनाओं को होने दिया। उन्होंने अकाल तख्त साहिब के समक्ष अपनी गलतियों को स्वीकार भी किया, लेकिन बाद में सार्वजनिक रूप से उससे मुकर गए। जो तख्त साहिब के सामने झूठ बोल सकते हैं, वे किसी के प्रति भी वफादार नहीं हो सकते। लोगों को ऐसे नेताओं से सावधान रहना चाहिए जो केवल सत्ता प्राप्त कर राज्य को लूटना चाहते हैं।”
मुख्यमंत्री ने दावा किया, “अकालियों ने अपने निजी हितों के लिए धर्म का दुरुपयोग किया है। जत्थेदारों की नियुक्तियां उनकी जेब से होती हैं और इसी कारण वे धार्मिक संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल करते हैं। एक जत्थेदार ने लोगों के विरोध के डर से तड़के ही पदभार ग्रहण किया था और अब धर्म की आड़ लेकर मेरे विरुद्ध षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। इन लोगों के पास मुझे बदनाम करने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है।”
कंडी क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “कृषि को बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही नहरों का पानी कंडी क्षेत्र के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। राज्य सरकार इस पवित्र क्षेत्र के कृषि विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण यह क्षेत्र लंबे समय तक पिछड़ा रहा। एक ओर हम यहां पर्यटन की संभावनाओं को विकसित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कृषि को भी सशक्त बना रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार विदेशों की ओर पलायन की प्रवृत्ति को रोककर आम लोगों का भविष्य बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। पंजाब के युवाओं को रोजगार की तलाश में विदेश नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि हम रोजगार के नए अवसर सृजित कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य युवाओं को राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास का सक्रिय भागीदार बनाना और शिक्षा क्षेत्र को सशक्त करना है।”
पारंपरिक राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा, “इन दलों ने सत्ता में रहते हुए आपसी मिलीभगत से पंजाब को वर्षों तक लूटा। पहले केवल दो दल बारी-बारी से सत्ता का सुख भोगते रहे और जनता की भावनाओं का शोषण करते रहे। अब लोगों के पास ‘झाड़ू’ का विकल्प है, जिसने पंजाब की राजनीति को नई दिशा दी है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज न तो सुखबीर बादल, न राजा वड़िंग और न ही प्रताप सिंह बाजवा जनता के बीच दिखाई देते हैं, क्योंकि लोग चट्टान की तरह राज्य सरकार के साथ खड़े हैं। जनता बार-बार अपना समर्थन जता रही है और विपक्ष को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। अंततः सत्य की ही विजय होती है और असत्य पराजित होता है।”
भगवंत सिंह मान ने कहा, “मैं पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा हूं और इसी कारण विपक्ष बौखलाया हुआ है। ये नेता आम जनता की भलाई और राज्य की प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उनके बयानों में झलकने वाली कटुता उनकी निराशा को स्पष्ट करती है। भले ही मेरे पास जनता का धन लूटने का अनुभव न हो, लेकिन लोगों के दुख-दर्द बांटने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की क्षमता अवश्य है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार सरकारी खजाने के प्रत्येक पैसे का उपयोग जनता के कल्याण के लिए कर रही है। 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जो पहले कभी नहीं हुआ। ऐसे समय में जब केंद्र सरकार देश की संपत्तियों का निजीकरण कर रही है, पंजाब ने एक निजी थर्मल प्लांट खरीदकर उसका नाम श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर रखकर इतिहास रचा है।”
कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के अंतर्गत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह योजना महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, “‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ देश की अपनी तरह की पहली योजना है, जिसके तहत पंजाब के प्रत्येक निवासी परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत अब तक लोग 650 करोड़ रुपये से अधिक का निःशुल्क इलाज प्राप्त कर चुके हैं।”
भगवंत सिंह मान ने कहा, “पारंपरिक राजनीतिक दल इस बात से ईर्ष्या कर रहे हैं कि एक आम व्यक्ति का बेटा राज्य का शासन सफलतापूर्वक चला रहा है। जनता का इन दलों से विश्वास उठ चुका है क्योंकि उनकी नीतियां जनविरोधी और पंजाब-विरोधी रही हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार को महान गुरुओं, संतों और महापुरुषों से जुड़े ऐतिहासिक समारोह आयोजित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए और अब श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है।” इस अवसर पर लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की पोस्ट
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया पर ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम की झलकियां साझा करते हुए लिखा:
“आज होशियारपुर के गांव बिहाला में आयोजित ‘लोक मिलनी’ में पहुंचे लोगों द्वारा दिए गए अथाह प्रेम, सम्मान और आशीर्वाद के लिए मैं हृदय से आभारी हूं। आपका यह समर्थन हमारी नीतियों और नीयत में आपके विश्वास का प्रतीक है। पंजाब अब वास्तविक अर्थों में विकास की राह पर अग्रसर है।
बेअदबी विरोधी सख्त कानून बनाने के बाद हमारी सरकार 1 जुलाई से ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। लगभग 90 प्रतिशत घरों के लिए शून्य बिजली बिल, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं, निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक और पूर्णतः योग्यता आधारित सरकारी नौकरियां हमारी सरकार की साफ और ईमानदार नीयत का प्रमाण हैं।
मैंने गांव बिहाला के सर्वांगीण विकास के लिए पंचायत को 51 लाख रुपये की अनुदान राशि का चेक भी सौंपा है, जिसमें एक नए आंगनवाड़ी केंद्र और सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। ‘आप’ सरकार पंजाब के प्रत्येक गांव को समृद्ध, गतिशील और विकसित मॉडल में बदलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
