चंडीगढ़, 29/05/2026
पंजाब में हाल ही में हुए नगर निगम/नगर कौंसिल के चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा दर्ज की गई बड़ी और शानदार जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी, पंजाब के प्रदेश महासचिव और पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट ने सभी पंजाबियों, विजयी उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल से बधाई दी है।
स. हरचंद सिंह बरसट ने विशेष रूप से समाना के सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत आम जनता की जीत है और पंजाब के लोगों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे विकास, पारदर्शी प्रशासन और ईमानदार राजनीति के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे जनहितैषी कार्यों पर जनता ने मोहर लगाई है।
प्रदेश महासचिव ने समाना के सभी विजेताओं से अपील की कि वे अब बिना किसी देरी के क्षेत्र के विकास कार्यों में जुट जाएं। जिन उम्मीदों के साथ समाना के लोगों ने आम आदमी पार्टी को यह बड़ी जीत दिलाई है, हमें उन उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।
स. बरसट ने समाना निवासियों को विश्वास दिलाया कि शहर के विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाना के लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। शहर में ट्रैफिक, टूटी सड़कों की मरम्मत, गलियों-नालियों की मरम्मत, सीवरेज प्रणाली में सुधार, साफ पीने का पानी, नए पार्कों के निर्माण समेत शेड और पब्लिक टॉयलेट्स जैसी बुनियादी सुविधाएं जल्द से जल्द मुहैया करवाई जाएंगी, ताकि लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाया जा सके।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब के शहरों और गांवों का विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है। समाना शहर की नुहार बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और ग्रांट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
