नई दिल्ली, 24/04/2026
दिल्ली स्थित आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा ने आज से अरविंद केजरीवाल का साथ छोड़ दिया है. राघव चड्ढा के साथ संदीप पाठक, अशोक मित्तल और हरभजन सिंह समेत कुल 7 राज्यसभा सांसदों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है. चड्ढा ने ‘आप’ पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिस आम आदमी पार्टी को मैंने अपने खून पसीने से सींचा अपनी जवानी के 15 साल दिए वो अपने सिद्धांत से भटक गई है. इस बड़ी टूट से आम आदमी पार्टी के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं.
आप स्पोक्सपर्सन प्रियंका कक्कड़ ने दी प्रतिक्रिया
AAP के 2/3 राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर आप की चीफ नेशनल स्पोक्सपर्सन प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि सब जानते हैं कि आम आदमी पार्टी का पंजाब में कोई लीडर नहीं है. सब यह भी जानते हैं कि वहां कांग्रेस लगभग खत्म हो चुकी है. इसलिए इस बार उन्होंने (भाजपा) आप नेताओं को तोड़ दिया. लेकिन मैं आपको बता सकती हूं कि पंजाबी देख रहे हैं कि जिन 7 सांसदों को उन्होंने संसद भेजा था, उन्होंने अब उस पार्टी को सपोर्ट किया है जिसने 800 किसानों को मारा. भाजपा किसानों को आतंकवादी कहती है और इन 7 सांसदों ने आज उनका सपोर्ट किया. यह ‘गद्दारी’ से कम नहीं है. जनता इसका जवाब देगी.
सांसदों की नितिन नबीन से हुई मुलाकात
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भाजपा मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की.
राघव चड्ढा समेत सातों सांसदों ने किए हस्ताक्षर
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने ट्वीट किया, “आज, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई से अधिक सांसदों का भाजपा में विलय हो गया है. सात सांसदों ने उस दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के माननीय अध्यक्ष को सौंपा गया था. मैंने, दो अन्य सांसदों के साथ, व्यक्तिगत रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज़ सौंपे.”
आम आदमी पार्टी को भाजपा और RSS ने बनाया: कांग्रेस
आम आदमी पार्टी के 2/3 राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने कहा कि आम आदमी पार्टी को भाजपा और RSS ने बनाया था. इन्होंने हम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था. कांग्रेस पार्टी ने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया था. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर कहा कि हमें चुनाव आयोग के खिलाफ लड़ना है क्योंकि पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग एक दल हो गया है, जो कि भाजपा को सपोर्ट कर रहा है. पश्चिम बंगाल के चुनाव में लोकतंत्र नहीं है.
