सोनीपत, 02/04/2026
हरियाणा के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. जखोली टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक डिफेंडर कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में पंजाब के कांग्रेस नेता खुशबाज जाटना और उनके ड्राइवर परममिंदर की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
पंचर के बाद रुकी थी गाड़ी, तभी हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, खुशबाज जाटना दिल्ली से पंजाब लौट रहे थे. रास्ते में उनकी डिफेंडर कार का टायर पंचर हो गया. टायर बदलने के बाद वे जखोली टोल प्लाजा के पास पंचर लगवाने के लिए रुके हुए थे. उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी. इस अचानक हुए हादसे में उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी और ड्राइवर की जान चली गई.
गनमैन गंभीर घायल, जिंदगी की जंग जारी
इस हादसे में पंजाब पुलिस के सिपाही करनदीप भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है. हादसे के बाद से परिवार और समर्थकों में चिंता का माहौल है और सभी उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं.
राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय थे जटाना
खुशबाज जाटना पंजाब की राजनीति में सक्रिय चेहरा थे. उन्होंने साल 2022 में बठिंडा के तलवंडी साबो से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था. इसके अलावा वे पंजाब सरकार में चेयरमैन के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके थे. उनकी अचानक मौत से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है और समर्थकों के बीच गहरा दुख देखा जा रहा है.
पुलिस जांच में जुटी, ट्रक चालक फरार
हादसे की सूचना मिलते ही सोनीपत पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है. बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम कल किया जाएगा. वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है.
