नई दिल्ली, 01/04/2026
ईरान और इजराइल जंग के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की वजह से भारत में मौजूदा हालात की समीक्षा हो रही है.
बैठक में गृह मंत्री अमित शाह के अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान, जेपी नड्डा, अश्विनी वैष्णव, मनोहर लाल खट्टर, प्रल्हाद जोशी, किंजरापु राममोहन नायडू और हरदीप सिंह पुरी समेत कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं.
सीसीएस की बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, PM के प्रमुख सचिव पी.के. मिश्रा और शक्तिकांत दास और कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन भी मौजूद हैं. बैठक में आम लोगों की जरूरी जरूरतों जैसे खाद्य, एलपीजी और पेट्रोल-डीजल उपलब्धता पर चर्चा हो रही है.
10 दिन में दूसरी बार सीसीएस बैठक
पिछले 10 दिनों के भीतर सीसीएस की यह दूसरी बैठक है. इससे पहले 23 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीसीएस बैठक की अध्यक्षता की थी. इसमें भारत पर पश्चिम एशिया में संघर्ष के प्रभाव को कम करने के उपायों का आकलन किया गया था.
बताया जा रहा है सीसीएस पिछले फैसलों की समीक्षा करेगी. पीएनजी और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति पर ध्यान केंद्रित करेगी, उर्वरकों की उपलब्धता का आकलन करेगी और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करेगी.
पीएम मोदी कर चुके हैं मन की बात में जिक्र
‘मन की बात’ कार्यक्रम में हाल ही में पीएम मोदी ने इस स्थिति को चुनौतीपूर्ण बताते हुए एकता बनाए रखने का आग्रह किया था. साथ ही पीएम ने अफवाहें फैलाने और इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने के प्रति सचेत किया था. उन्होंने इस संकट से निपटने में सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया था. इससे पहले हुई बैठकों में इस संघर्ष के कारण पैदा हुई बाधाओं, विशेष रूप से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़े असर का आकलन किया गया था.
