न्यूज डेस्क, 27/03/2026
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) की शुरुआत 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने जा रही है. पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आमने सामने होंगे. लेकिन इस मैच से पहले कोई ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी.
नहीं होगी ओपनिंग सेरेमनी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ये बड़ा फैसला पिछले साल बेंगलुरु भगदड़ में जान गवाने वाले 11 पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए किया है. बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया, ‘BCCI ने उन 11 लोगों के प्रति सम्मान दिखाने के लिए यह फैसला लिया है, जिनकी पिछले साल जून में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर IPL चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में मौत हो गई थी.’बता दें कि उस भगदड़ के बाद से एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई भी बड़ा मैच नहीं खेला गया है. हाल ही में इस स्टेडियम में मैचों की मेजबानी करने की मंजूरी मिली है.
स्टेडियम में 11 सीटें रहेंगी खाली
इससे पहले कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने उन दिवंगत प्रशंसकों को विशेष श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ा ऐलान किया है. मैच से पहले उन 11 दिवंगत प्रशंसकों के नाम स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे, और दोनों टीमों के खिलाड़ी एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे. इसके अलावा स्टेडियम के प्रीमियम स्टैंड में उन दिवंगत प्रशंसकों के सम्मान में 11 सीटें हमेशा के लिए खाली रखी जाएंगी. सम्मान के प्रतीक के तौर पर इस जगह को अलग से चिह्नित किया जाएगा. साथ ही, IPL सहित किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान इन सीटों को बेचा नहीं जाएगा.
IPL 2026 के दूसरे फेज के शेड्यूल का हुआ ऐलान
BCCI ने IPL 2026 के दूसरे फेज के शेड्यूल का भी ऐलान कर दिया है. जो 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक भारत के 12 अलग-अलग स्टेडियमों में खेले जाएंगे. इस फेज में कुल 50 मैच खेले जाएंगे. पहले फेज में 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया गया था. जो 28 मार्च से 12 अप्रैल तक चलेगा.
BCCI के अनुसार, दूसरे चरण के मैच बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ में आयोजित किए जाएंगे. दूसरे चरण में आठ ‘डबल-हेडर’ (एक ही दिन में दो मैच) खेले जाएंगे; दोपहर के मैच भारतीय समयानुसार 03:30 PM बजे और शाम के मैच 07:30 PM बजे शुरू होंगे.
लीग चरण का आखिरी मैच 24 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा. बोर्ड ने कहा कि प्लेऑफ के स्थानों की घोषणा बाद में की जाएगी. इस प्रतिष्ठित खिताब के लिए कुल 10 टीमें आपस में मुकाबला करेंगी.
