न्यूज डेस्क, 24/03/2026
अमेरिका और इजराइल के द्वारा ईरान पर शुरू किए गए हमले का आज मंगलवार को 25वां दिन है. इन चार हफ्तों के घटनाक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से कई गई घोषणा अहम है. उन्होंने 5 दिनों के लिए हमले रोकने का ऐलान किया है. ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान ने परमाणु हथियार न रखने पर सहमति जताई है. ट्रंप ने आगे कहा कि अब, ईरान के पास अमेरिका और हमारे सहयोगियों के लिए अपने खतरों को खत्म करने का एक और मौका है और हमें उम्मीद है कि वे इसका लाभ उठाएँगे. चाहे कुछ भी हो, अमेरिका और पूरी दुनिया जल्द ही कहीं ज्यादा सुरक्षित होंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने उनके रक्षा औद्योगिक आधार को पूरी तरह से तबाह कर दिया है और उनकी नौसेना को खत्म कर दिया है. हालांकि हालाँकि ईरान की संसद के स्पीकर एम.बी. गालिबफ ने ट्रंप की कड़ी आलोचना की. उन्होंने तेहरान और वॉशिंगटन के बीच चल रही बातचीत के बारे में ट्रंप के दावों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है. गालिबफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति के दावों को खारिज करते हुए कहा कि ये बयान वित्तीय और तेल बाजारों में हेरफेर करने के लिए दिए गए. इनमें इस संघर्ष के बीच काफी उथल-पुथल देखने को मिली है. इस बीच युद्ध को लेकर पूरे पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बना हुआ है.
ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत से इनकार किया
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने इस बात से इनकार किया कि तेहरान ने वाशिंगटन के साथ बातचीत की है. उन्होंने जोर देकर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य और युद्ध खत्म करने की शर्तों पर इस्लामिक गणराज्य का रुख नहीं बदला है. बाकाई ने सोमवार को सरकारी समाचार एजेंसी ईरना( IRNA) को बताया कि फरवरी के आखिर में अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले की शुरुआत के बाद से ईरान का वाशिंगटन के साथ न तो कोई संपर्क हुआ है और न ही होर्मुज और थोपे गए युद्ध को खत्म करने की शर्तों पर उसका रुख बदला है. इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने युद्ध विभाग को ईरानी बिजली संयंत्रों पर हमले पांच दिनों के लिए टालने का आदेश दिया है. उन्होंने दावा किया कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच ‘सार्थक बातचीत’ हुई. ट्रंप ने यह चेतावनी दी थी कि तेहरान ने होर्मुज में हालात सामान्य नहीं बनाए तो उसके ऊर्जा सुविधाओं पर हमले करेगा. इसके जवाब में ईरान ने फारसी खाड़ी में स्थित उन बिजली स्टेशनों और ऊर्जा सुविधाओं की एक सूची जारी की जिन्हें वह निशाना बनाया जा सकता था.
