चंडीगढ़, 22/03/2026
27 और 28 मार्च 2026 को चंडीगढ़ की सुखना झील पर सूर्य किरण एरोबेटिक टीम सिविल एयर शो का आयोजन करेगी. इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्त निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई, जिसमें वायु सेना, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग के अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल, सुरक्षा व्यवस्था और मेडिकल सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए गए.
चंडीगढ़ में एयरशो की तैयारी पूरी
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बैठक में साफ कहा कि इस इवेंट में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी विभागों को पहले से ही जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि हजारों की संख्या में आने वाले लोगों को सुरक्षित और व्यवस्थित अनुभव मिले. इसके लिए हर विभाग को अपने स्तर पर तैयारी मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं.
पास सिस्टम से ही मिलेगी एंट्री
एयर शो में शामिल होने के लिए इस बार खास व्यवस्था की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पास किसी को भी एंट्री नहीं मिलेगी. ये पास 24 मार्च से चंडीगढ़ टूरिज्म ऐप पर उपलब्ध होंगे और प्रति व्यक्ति 100 रुपये शुल्क तय किया गया है. इसके साथ ही हर दिन केवल 10,000 लोगों को ही आयोजन स्थल पर जाने की अनुमति दी जाएगी. इस फैसले का मकसद भीड़ को नियंत्रित करना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
ट्रैफिक प्लान में बड़ा बदलाव
एयर शो के दौरान ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखना प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती है. इसी को ध्यान में रखते हुए सुखना झील के आसपास निजी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला लिया गया है. इसके बजाय शहर में सात अलग-अलग पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं. यहां से लोगों को शटल सेवा के जरिए एयर शो स्थल तक पहुंचाया जाएगा. अंतिम पिक-अप का समय सुबह 9 बजे तय किया गया है, जिससे समय पर भीड़ को नियंत्रित किया जा सके.
सुरक्षा और मेडिकल सुविधाओं पर खास ध्यान
एयर शो में सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लिया जा रहा है. पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखा गया है. आयोजन स्थल पर मेडिकल टीम, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं तैनात रहेंगी. इसके अलावा भीड़ में किसी भी तरह की परेशानी से निपटने के लिए अलग-अलग पॉइंट्स पर हेल्प डेस्क भी बनाए जाएंगे. प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
दर्शकों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
एयर शो में आने वाले लोगों के लिए भी कुछ नियम तय किए गए हैं. प्रशासन ने साफ कहा है कि केवल पारदर्शी पानी की बोतल ही साथ लाने की अनुमति होगी. इसके अलावा 3 साल से कम उम्र के बच्चों को कार्यक्रम में ना लाने की सलाह दी गई है. लोगों से अपील की गई है कि वे सभी निर्देशों का पालन करें और सहयोग करें ताकि ये आयोजन बिना किसी परेशानी के सफलतापूर्वक पूरा हो सके.
