चंडीगढ़, 19/03/2026
हरियाणा में बजट सत्र ख़त्म हो जाने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और राज्यसभा चुनाव को लेकर विपक्ष को आड़े हाथों लिया.
कांग्रेस हताश है, निराश है: सीएम सैनी
राज्यसभा चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि “लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप राज्यसभा चुनाव हुआ है. हमारे एक साथी संजय भाटिया की जीत हुई है. मैंने पहली बार इतिहास में देखा है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश के दो बार के मुख्यमंत्री रह चुके शख्स पोलिंग एजेंट बने थे. ना तो राहुल गांधी को अपने विधायकों पर विश्वास है और ना ही कांग्रेस प्रभारी को अपनों पर विश्वास है क्योंकि कांग्रेस कमजोर हो गई है, जनता का विश्वास उठ गया है. कांग्रेस की सदन में भूमिका निराशाजनक रही है. कांग्रेस पूरी तरह निराश है क्योंकि राहुल गांधी निराश है. कांग्रेस घोर निराशा में है, हताशा में है.
कांग्रेस की बी टीम बनी इनेलो: सीएम
राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि “राज्यसभा चुनाव में हमने तो एक उम्मीदवार उतारा था. निर्दलीय उम्मीदवार मैंने खड़ा नहीं किया. वो स्वयं खड़े हुए थे चुनाव में. चुनाव के दौरान इनेलो कांग्रेस की बी टीम के तौर पर नज़र आई. इनेलो ने कांग्रेस को मजबूत करने के लिये अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया.
बजट सत्र पर बोले सीएम
हरियाणा सीएम ने बोलते हुए कहा कि “हरियाणा का बजट सत्र समाप्त होने के बाद सीएम ने कहा. इस बार का बजट सत्र ऐतिहासिक रहा है. बजट सत्र में 13 सीटिंग रही है. ये इतिहास में सबसे लंबा बजट सत्र रहा है जिसमें 55 घंटे सकारात्मक चर्चा रही है. मैंने वित्त मंत्री के तौर पर 2 मार्च को राज्य का बजट पेश किया. सदन के सभी सदस्यों को उनके विचार और सुझाव के लिये धन्यवाद है. तीन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किये गये हैं. सदन में विकसित भारत जी राम जी बिल पर भी व्यापक चर्चा की गई. विपक्ष कई मुद्दों को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया था जिस पर चर्चा की गई. हमारी सरकार पारदर्शिता से काम कर रही है. सदन पटल पर रखे गये आठ विधेयकों पर भी चर्चा की गई. आज सदन के अंतिम दिन गुजरात के राज्यपाल सदन में आये और प्राकृतिक खेती पर उन्होंने अपने विचार रखें जिसके लिए उनका आभार है. विधानसभा के अध्यक्ष का भी धन्यवाद जिन्होंने सदन को सकारात्मक तौर पर चलाया.”
