हैदराबाद, 12/01/2026
भारतीय क्रिकेट बोर्ड BCCI ने चोटिल वाशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है. चयन समिति ने दिल्ली के आयुष बडोनी को पहली बार टीम में शामिल करने का ऐलान किया है. वो न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे के वेन्यू राजकोट में टीम इंडिया से जुड़ेंगे. न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का दूसरा वनडे मैच 14 जनवरी को राजकोट में और तीसरा वनडे 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा.
भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर रविवार 11 जनवरी को वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय चोटिल हो गए थे. जिसके बाद वो ग्राउंड से बाहर चले गए थे. मैच के बाद कप्तान गिल ने कहा कि उनको साइड स्ट्रेन हुआ है.
कौन हैं आयुष बडोनी?
26 साल के आयुष बडोनी घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलते हैं. घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का उनको इनाम मिला है. वह हाल ही में साउथ अफ्रीका A के खिलाफ ODI सीरीज के लिए इंडिया A टीम का भी हिस्सा थे. उन्होंने दो मैच खेले और जिस एकमात्र मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला, उसमें 66 रन भी बनाए. बडोनी इंडियन प्रीमियर लीग में वो लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं. 2022 में अपने IPL डेब्यू के बाद से LSG के लिए एक भरोसेमंद खिलाड़ी रहे हैं.
IND vs NZ पहला वनडे
वडोदरा में खेले गए सीरीज के पहले मैच में भारत 301 रनों के लक्ष्य को 49 ओवर में हासिल करके शानदार जीत दर्ज की थी. जिसमें विराट के 93 रन सबसे ज्यादा अहम थे. जिसकी वजह से उनको प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया.
दूसरे और तीसरे वनडे के लिए भारत की अपडेटेड टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आयुष बडोनी.
