चंडीगढ़, 17/12/2025
हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र गुरूवार से शुरू होगा. इसके लिए विपक्षी दल कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में विधायक दल की बैठक की जिसमें सरकार को सदन में घेरने की रणनीति तैयार की गई. बड़ी बात ये है कि कांग्रेस सत्र में प्रदेश सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी. इसका फैसला कांग्रेस की विधायक दल की बैठक में लिया गया. इसके साथ ही बैठक में पार्टी ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी भी की.
काम रोको प्रस्ताव लाया जाएगा
विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने की जिसमें प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी शामिल हुए. बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस की तरफ से उठाए जाने वाले मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें काम रोको, ध्यानाकर्षण और शून्यकाल प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में पार्टी ने फैसला लिया है कि सदन के भीतर खेल परिसरों में खेल सुविधाओं और सामग्री के अभाव और बदहाली, फर्जी मतदाताओं और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके सरकार बनाने जैसे मुद्दों पर काम रोको प्रस्ताव लाया जाएगा.
इन मुद्दों को उठाएगी कांग्रेस
इसके साथ ही अरावली को बचाने, जलभराव मुआवजा, बढ़ते प्रदूषण, धान घोटाला, कानून व्यवस्था, मनरेगा, बढ़ते नशे, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को ध्यानाकर्षण और अल्प चर्चा प्रस्तावों के माध्यम से उठाया जाएगा. कांग्रेस की तरफ से बीजेपी के विधायकों और सांसदों के जातिगत नफरत फैलाने वाले बयानों के विरुद्ध भी चर्चा की मांग की जाएगी. इसके साथ ही विधानसभा परिसर, एसवाईएल और चंडीगढ़ के स्टेट्स पर चर्चा की मांग भी कांग्रेस द्वारा उठाई जाएगी.
अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा
बढ़ती बेरोजगारी और एचपीएससी द्वारा हरियाणा की नौकरियों में बाहरी लोगों को प्राथमिकता देने जैसे मसलों पर सरकार से सवाल भी पूछे जाएंगे. बैठक में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में वोट चोरी करके बीजेपी ने सरकार बनाई है. इसके लिए उसने चुनाव से पहले अवैध प्रलोभन देने और एक-एक व्यक्ति के कई-कई वोट बनाने जैसे हथकंडे अपनाए. इसलिए सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा और सदन में सरकार की पोल खोली जाएगी. विधायक दल की बैठक में कोर्ट द्वारा नेशनल हेराल्ड मामले में चार्जशीट को स्वीकार ना करने के कोर्ट के फैसले का स्वागत किया गया.
बुधवार को कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे शिवराज सिंह पाटिल और पूर्व विधायक साहब सिंह सैनी के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया गया और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बुधवार को जिला स्तर पर कांग्रेस की तरफ से प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें मनरेगा का नाम बदलने का विरोध किया जाएगा.
