नूंह, 13/12/2025
हरियाणा के नूंह जिले से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री चौधरी आफताब अहमद के मोबाइल फोन को अज्ञात साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया है. हैकर्स ने उनके वॉट्सएप सहित व्यक्तिगत फोन का दुरुपयोग कर मनमाने संदेश भेजने और पैसे मांगने की कोशिश की है. विधायक ने अपने फेसबुक अकाउंट से इस बारे में लोगों को सार्वजनिक जानकारी दी है. साथ ही लोगों से सावधान रहने की अपील की है. माना जा रहा है कि अपराधियों ने संभवतः फिशिंग लिंक के जरिए फोन तक पहुंच बनाई.
जिला पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी
घटना का पता चलते ही विधायक आफताब अहमद ने तुरंत जिला पुलिस और साइबर सेल को सूचित किया. अभी तक कोई बड़ा नुकसान या ठगी की घटना सामने नहीं आई है, लेकिन उनके शुभचिंतकों और समर्थकों में चिंता का माहौल है. साइबर एक्सपर्ट्स की एक टीम मामले की जांच करने और समस्या के समाधान में जुटी हुई है. वहीं इस घटना के बाद विधायक आफताब अहमद ने अपने फेसबुक पेज पर एक जरूरी सूचना पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.
कोई भी साथी कोई पैसे न भेजें: विधायक
विधायक ने पोस्ट में लिखा है कि शरारती तत्वों ने व्हाट्सएप सहित व्यक्तिगत फोन को हैक कर लिया है और मनमाने संदेश भेजे और पैसे मांगे जा रहे हैं. कोई भी साथी कोई पैसे न भेजें. इसे पूरी तरह नजरअंदाज करें. आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. विधायक ने लोगों से अनुरोध किया है कि ऐसे किसी भी संदेश पर ध्यान ना दें और कोई पैसे न भेजें. पुलिस और साइबर टीम अपराधियों की पहचान करने में लगी हुई है. विशेषज्ञों का कहना है कि अनजान लिंक्स पर क्लिक न करें. संदिग्ध संदेशों को तुरंत रिपोर्ट करें.
