पंचकूला, 13/12/2025
गृह मंत्री अमित शाह देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर 24 दिसंबर को पंचकूला, एमडीसी सेक्टर 1 स्थित अटल पार्क में उनकी प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचेंगे. ये जानकारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी. उन्होंने बताया कि गृह मंत्री पंचकूला में आयोजित अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे.
धातु से बनी है 41 फीट ऊंची प्रतिमा
मुख्यमंत्री नायब सैनी अटल पार्क में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद मीडिया को कार्यक्रम संबंधी अन्य जानकारियां भी दी. सीएम ने बताया कि “अटल बिहारी वाजपेयी की धातु से बनी 41 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करने के बाद अमित शाह अटल पार्क में ही आयोजित विशाल रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे. वो प्रदेश भाजपा कार्यालय ‘पंचकमल’ में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे. इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम, सेक्टर-3 में आयोजित 5 हजार पुलिसकर्मियों की पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगे. साथ ही इसी दिन आयोजित होने वाले ‘वीर बाल दिवस’ कार्यक्रम में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.”
सीएम बोले विपक्ष हुआ मुद्दा विहीन
संसद में कांग्रेस पार्टी द्वारा उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे से संबंधित एक प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि “विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है और कांग्रेस पार्टी झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब जनता बहकावे में आने वाली नहीं है. राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने वाली बातें कर रहे हैं. आने वाले 40–50 वर्षों तक कांग्रेस का देश में कोई भविष्य नहीं है.”
वीआईपी सुरक्षा पर सीएम की प्रतिक्रिया
हाल ही में कुछ वीआईपी लोगों की सुरक्षा को हरियाणा पुलिस ने वापस लिया है. इस सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रत्येक व्यक्ति की रक्षा और सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है. इस संबंध में पुलिस को सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं और पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है. किसी व्यक्ति को सुरक्षा प्रदान करनी है या नहीं, इसका आकलन पुलिस विभाग द्वारा किया जाता है.”
‘सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जिम्मेदारी’
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि “प्रत्येक व्यक्ति को सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है. इस कार्य में चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. हाल ही में हरियाणा में आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत विशेष अभियान चलाकर सर्जरी से संबंधित लंबित मामलों को शून्य कर दिया गया है.” उन्होंने कहा कि “सरकार चिकित्सकों की समस्याएं सुनती है और उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है. चिकित्सकों को अतिरिक्त इंसेंटिव भी दिए जा रहे हैं.”
