रोहतक, 02/12/2025
बास्केटबॉल का पोल टूटने से दो खिलाड़ियों की मौत मामले में रोहतक और झज्जर के जिला खेल अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट डिप्टी डायरेक्टर अधिकारी को सौंप दी थी. इस रिपोर्ट को डिप्टी डायरेक्टर ने जांच के बाद सही बताते हुए मुख्यालय को भेज दिया है. रिपोर्ट में खेल विभाग ने खुद को क्लीन चिट दी है. इसमें लिखा है कि दोनों घटनाओं से खेल विभाग का कोई संबंध नहीं है.
रोहतक में पंचायती जमीन पर बास्केटबॉल कोर्ट
रोहतक के जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह ने अपनी रिपोर्ट में लिखा “लाखनमाजरा में बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक की बास्केटबॉल पोल गिरने से मौत हो गई थी. जिस बास्केटबॉल कोर्ट में ये हादसा हुआ. वो पंचायत समिति लाखनमाजरा के अधीन है. खेल विभाग के अधीन लाखनमाजरा का राजीव गांधी खेल परिसर है. पंचायत समिति की जमीन पर युवा स्पोर्ट्स क्लब के संचालक मोहित खिलाड़ियों को प्रैक्टिस कराते हैं.”
झज्जर में हादसे वाली जगह खेल विभाग के अधीन नहीं
झज्जर के जिला खेल अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपनी रिपोर्ट में लिखा “बहादुरगढ़ के शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में बास्केटबॉल पोल गिरने से बहादुरगढ़ के खिलाड़ी अमन घायल हो गए थे. बाद में उनकी मौत हो गई. जिस स्टेडियम में हादसा हुआ, ये खेल विभाग के अधीन नहीं है. खेल विभाग की ओर से इस स्टेडियम में सिर्फ कुश्ती के हॉल का निर्माण कराया गया था. यहां खेल नर्सरी है. इस स्टेडियम में बास्केटबॉल खेल का कोई प्रशिक्षण केंद्र खेल विभाग की ओर से संचालित नहीं किया गया है. ऐसे में इस दुर्घटना का खेल विभाग से कोई संबंध नहीं है.”
क्या बोले खेल मंत्री ?
वहीं पूरे मामले पर बोलते हुए हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा है कि “हमने उस खेल के मैदान को लेकर जानकारी दी है कि जो हादसा उस खेल मैदान में हुआ है, वो पंचायत विभाग का था. खेल विभाग की जिम्मेदारी खिलाड़ियों की, खेल की, हर जगह की है. लेकिन जो मैदान की बात है, उस बारे में कहा गया है. मैदान के मामले में क्लीनचिट है. जिम्मेदारी सरकार की है. उन्होंने कहा कि मैदान चाहे पंचायत का होगा या शिक्षा विभाग का होगा, उनसे सरकार अंडरटेकिंग लेगी कि उनका ग्राउंड खेलने के लिए पूरी तरह से ठीक है. अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दिए हैं कि जाइए चेक करिए. उनसे अंडरटेकिंग लीजिए. हमारा अगर है तो हम उसे बेहतर करेंगे. कुछ कमी होगी, उसे पूरा करेंगे. पूरे मामले में जांच अभी भी चल रही है, जो मैदान था, एक पंचायत विभाग का था और दूसरा शिक्षा विभाग का था. जांच अभी ख़त्म नहीं हुई है, दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

क्या है पूरा मामला ?
रोहतक के लाखन माजरा गांव में खेल के मैदान पर प्रैक्टिस कर रहे एक 16 वर्षीय खिलाड़ी हार्दिक की दर्दनाक मौत हो गई. युवक बास्केटबॉल के पोल पर लटककर व्यायाम कर रहा था. इस दौरान बास्केटबॉल का पोल टूटकर युवक की छाती पर गिर गया. मैदान में प्रैक्टिस कर रहे अन्य खिलाड़ियों ने देखा, तो उन्होंने तुरंत दौड़कर उसे उठा लिया, लेकिन पोल में वजन ज्यादा होने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इससे पहले ऐसी ही घटना हरियाणा के झज्जर जिले से सामने आई.

दो बास्केटबॉल खिलाड़ियों की हुई थी मौत
बहादुरगढ़ के शहीद ब्रिगेडियर होशियार स्टेडियम में रविवार को खिलाड़ी अमन पर बास्केटबॉल का पोल गिर गया. जिसके चलते वो गंभीर रूप से घायल हो गया. सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इन घटनाओं के बाद से खेल प्रशासन सवालों के घेरे में है कि क्यों वक्त पर स्टेडियम का मेंटेनेंस नहीं किया जाता?
