फरीदाबाद, 12/11/2025
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास जिस हुंडई i20 में ब्लास्ट हुआ, उस कार ने बदरपुर टोल प्लाजा के जरिए हरियाणा के फरीदाबाद के रास्ते दिल्ली में एंट्री मारी थी. इस कार का सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आ गया है.
बदरपुर टोल से की दिल्ली में एंट्री
अब एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें हुंडई i20 कार को फरीदाबाद-दिल्ली बॉर्डर के बदरपुर टोल प्लाजा पर देखा गया. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हुंडई i20 कार को एक मास्क मैन चला रहा है. कार चलाने वाले ने अपनी शक्ल को मास्क से छुपा रखा है जिससे कि उसकी पहचान ना की जा सके. सीसीटीवी फुटेज सोमवार(10 नवंबर) सुबह 8 बजकर 13 मिनट का है जब इस कार ने बदरपुर टोल प्लाजा के रास्ते दिल्ली में एंट्री मारी और फिर शाम को दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास इस कार में धमाका हो जाता है. पुलिस इस सीसीटीवी की भी जांच कर रही है.
फरीदाबाद में बनाया था PUC
आज पहले एक सीसीटीवी सामने आया जिसमें HR26CE7674 नंबर से रजिस्टर्ड इस हुंडई i20 कार ने 29 अक्टूबर को शाम 4 बजकर 19 मिनट पर फरीदाबाद के सेक्टर 37 के पल्ला बायपास रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट (PUC) बनाया था. इस दौरान कार में तीन लोग नज़र आए थे जिसमें से एक शख्स के कंधे पर काले रंग का बैग भी था. सर्टिफिकेट बनाने के बाद कार में सवार तीनों लोग वहां से चले गए थे. पुलिस अब इस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है.
हुंडई i20 में हुआ था ब्लास्ट
आपको बता दें कि दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुंडई i20 में हुए ब्लास्ट में कई लोगों ने अपनी ज़िंदगी गंवा दी. इस कार का लिंक हरियाणा से जुड़ा हुआ है. हुंडई i20 कार गुरुग्राम आरटीओ में मोहम्मद सलमान नाम के शख्स के नाम रजिस्टर्ड थी जिसने कार को दिल्ली के ओखला के रहने वाले देवेंद्र को बेचा था. इसके बाद कार को अंबाला में बेचा गया. फिर कार को आगे भी बेचा गया. ऐसे में जांच एजेंसियां इस कार से जुड़ी सारे परतें खोलने में लगी हुई है.
