rahul gandhi
संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव लोकतंत्र और विपक्ष के प्रतिनिधित्व को कमजोर कर सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन के जरिए सरकार को चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं बदलने का व्यापक अधिकार मिल सकता है। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का भी हवाला दिया।
राहुल गांधी ने रखीं ये मांगें
-
लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बरकरार रखी जाएं।
-
परिसीमन 2027 की जनगणना के आधार पर हो।
-
जाति जनगणना के आंकड़ों को शामिल किया जाए।
-
निष्पक्ष और सर्वदलीय परिसीमन आयोग बनाया जाए।
-
राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात बरकरार रखा जाए।
-
मौजूदा सीटों पर महिला आरक्षण लागू किया जाए।
राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रस्तावित व्यवस्था से SC/ST और OBC समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
केंद्र सरकार का प्रस्ताव लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने से जुड़ा है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा और 3 दिसंबर तक चलेगा। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर तथा राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी।
