हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को गुरुग्राम में 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें शहर के 20 अलग-अलग रूटों पर चलेंगी। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और वायु प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से बने नए इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि इन 100 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) के बेड़े में बसों की कुल संख्या 250 हो गई है। इनमें 150 सीएनजी और 100 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध करवाना है।
हरियाणा के 10 शहरों में चल रहीं 160 इलेक्ट्रिक बसें
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा के 10 बड़े शहरों में 160 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हैं। इस वर्ष के अंत तक इनकी संख्या बढ़ाकर 375 करने का लक्ष्य है। इसके अलावा, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 450 नई मिनी बसें भी शुरू की जाएंगी। इससे शहरों में लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह सहित कई विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।
