हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में आधुनिक शहरी सुविधाओं के विकास के लिए अधिकारियों को कई निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में सनाथ रोड की तर्ज पर आधुनिक सड़कें विकसित की जाएंगी, जिनमें वाहनों के साथ पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए भी पर्याप्त जगह होगी। मुख्यमंत्री ने शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में राहगिरी फाउंडेशन और नगारो फाउंडेशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर गुरुग्राम के विकास, सड़क निर्माण और शहरी सुविधाओं पर चर्चा की।
-
सड़कों पर एक समान फुटपाथ और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी।
-
शहर में नए अर्बन फॉरेस्ट और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।
-
सभी सेक्टरों में स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे।
-
सब्जी मंडियों के लिए चार स्थानों पर जमीन चिह्नित की जाएगी।
-
हरियाणा की संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के लिए म्यूजियम बनाया जाएगा।
-
सीसी रोड निर्माण के दौरान ही यूटिलिटी पाइप और डक्ट डालने की व्यवस्था होगी, ताकि भविष्य में बार-बार सड़कें न खोदनी पड़ें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और गुरुग्राम के विकास में नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दें। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव और नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
