केंद्र सरकार ने कैबिनेट बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े तीन महत्वपूर्ण विधेयकों को मंजूरी दे दी है। इनमें संविधान संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित विधेयक शामिल हैं। इन विधेयकों का उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और संसद में सीटों की संख्या बढ़ाने का रास्ता तैयार करना है।
सूत्रों के अनुसार, नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा सकती है। इससे लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर लगभग 815 से 850 तक पहुंचने का अनुमान है। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की सीटों में भी विस्तार किया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर बनाए रखने की योजना है, जबकि नई सीटों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य दक्षिण भारतीय राज्यों की परिसीमन को लेकर उठ रही चिंताओं को दूर करना है।
विधेयकों में राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव भी शामिल है। संसदीय कार्यक्रम के अनुसार, विधेयक 30 नवंबर को लोकसभा में पेश किया जा सकता है। इस पर 1 दिसंबर को मतदान होने की संभावना है। इसके बाद 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक होगी और संसद का विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चलेगा। महिला आरक्षण से संबंधित ये प्रस्ताव 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जल्द लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। हालांकि, विधेयकों को कानून बनाने के लिए संसद में आवश्यक बहुमत हासिल करना होगा। विपक्षी दल भी अंतिम विधेयकों का अध्ययन करने के बाद अपना रुख स्पष्ट करेंगे।
