मुख्यमंत्री ने श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित संस्कृत गुरुकुल से बसों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सेक्टर-5, पंचकूला में हरियाणा राज्य परिवहन के नवीनीकृत बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बस सेवा का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्रमुख धार्मिक स्थलों तक सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन उपलब्ध करवाना है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं को एक ही यात्रा में कई धार्मिक स्थलों के दर्शन करने में आसानी होगी।
उन्होंने बताया कि दोनों इलेक्ट्रिक बसें प्रतिदिन छह चक्कर लगाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था भी की गई है। इसे स्कैन करके मोबाइल पर बस की वास्तविक लोकेशन और समय-सारणी की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के साथ पंचकूला के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को बेहतर तरीके से जोड़ने में मददगार साबित होगी।
