हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को ‘खेल महाकुम्भ हरियाणा-2026’ के शुभंकर का लोकार्पण किया। राज्य पशु काले हिरण की थीम पर तैयार यह शुभंकर हरियाणा की पहचान, सांस्कृतिक विरासत और खिलाड़ियों की फुर्ती, सतर्कता व लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस अवसर पर हॉकी के पूर्व कप्तान सरदार सिंह, एशियाई खेलों की पदक विजेता परवीन हुड्डा और बॉक्सर नरेंद्र को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने मिस्र जाने वाली भारतीय जूनियर हॉकी टीम के खिलाड़ियों को भी शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बड़ा मंच प्रदान करेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 30 खेलों के लगभग 18 हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। मुकाबले दो चरणों में प्रदेश के 11 शहरों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। प्रदेश में 2,000 खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं, जहां करीब 40 हजार बच्चे अभ्यास कर रहे हैं। इसके अलावा 25 आवासीय खेल अकादमियां भी संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में खेल बुनियादी ढांचे पर करीब 1,100 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस दौरान 17,676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है, जबकि 260 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाते हैं। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और चोट के बाद पुनर्वास के लिए पंचकूला में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र भी स्थापित किया गया है।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हरियाणा के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि खेल महाकुम्भ में 20 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी की उम्मीद है और 30 से अधिक खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि मिशन ओलंपिक-2036 के तहत हरियाणा का लक्ष्य ओलंपिक में 36 पदक हासिल करना है। इसके लिए खेल नर्सरियों से लेकर आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों तक खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है। खेल विभाग की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार ने कहा कि सरकार युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है।
