चंडीगढ़, 18/11/2026
पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार जल्द ही 333 नए पिंड क्लिनिक (ग्राम क्लिनिक) खोलने जा रही है। इसके साथ ही राज्य में पिंड क्लिनिकों की कुल संख्या बढ़कर 591 हो जाएगी। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बुधवार को यह घोषणा की। चंडीगढ़ में सिविल सर्जनों की राज्य स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पंजाब में पहले से ही 258 पिंड क्लिनिक काम कर रहे हैं। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 1,244 आम आदमी क्लिनिक भी संचालित किए जा रहे हैं।
आम आदमी क्लिनिक में 107 दवाएं और 47 टेस्ट मुफ्त
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि आम आदमी क्लिनिक के माध्यम से लोगों को 107 प्रकार की दवाएं और 47 तरह के डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आम आदमी क्लिनिक में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सिविल सर्जनों से कहा कि गांवों के पिंड क्लिनिक से लेकर जिला अस्पतालों तक सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जरूरी दवाओं और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने पर भी जोर दिया।
नवंबर के अंत तक जिला अस्पतालों में लगेंगी MRI और CT स्कैन मशीनें
स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि नवंबर के अंत तक सभी जिला सिविल अस्पतालों में MRI और CT स्कैन मशीनें स्थापित कर दी जाएंगी। उन्होंने अस्पतालों की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए रोगी कल्याण समितियों की नियमित मासिक और त्रैमासिक बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
नशे से होने वाली मौतों का होगा ऑडिट
नशे के खिलाफ अभियान को लेकर डॉ. बलबीर सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को इलाज के लिए प्रेरित करने और ओवरडोज से होने वाली मौतों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। इसके साथ ही नशे से संबंधित प्रत्येक संदिग्ध मौत का विस्तृत ऑडिट करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड वितरण में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा वाली मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने योग्य लाभार्थियों को स्वास्थ्य बीमा कार्ड जल्द उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जनों को आवश्यक निर्देश दिए।
बेहतर काम करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों को मिलेगा सम्मान
डॉ. बलबीर सिंह ने पंजाब के STEMI प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से हृदय रोगियों को समय पर इलाज मिल रहा है और कई लोगों की जान बचाई जा रही है। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित करने की घोषणा भी की। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में ‘नेशनल न्यूबॉर्न वीक’ की शुरुआत की और नवजात बच्चों की देखभाल को लेकर स्वास्थ्य विभाग के मास एजुकेशन एंड मीडिया विंग द्वारा तैयार जागरूकता वीडियो भी जारी की।
बैठक में पंजाब विकास आयोग के सदस्य अनुराग कुंडू ने मरीजों से मिले फीडबैक सर्वेक्षण के नतीजे प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं के बुनियादी ढांचे में सुधार के बाद सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों के भरोसे में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस अवसर पर डॉ. बलबीर सिंह ने राज्य में मेडिको-लीगल प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने के लिए मेडिको-लीगल मैनुअल भी जारी किया। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों के सिविल सर्जनों को सम्मानित किया और अनुकंपा के आधार पर एक उम्मीदवार को नियुक्ति पत्र भी सौंपा।
